रामा कान्त मालवीय:

देवघर- महामना परिवार झारखण्ड के तत्त्वावधान में गूगल मीट पटल पर आभासीय बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें झारखण्ड के विभिन्न जिलों से महामना परिवार के सदस्यों ने ऑनलाइन भाग लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य २५ दिसम्बर २०२४ को आयोजित होने वाले “भारतरत्न महामना पण्डित मदन मोहन मालवीय जयन्ती समारोह” के सफलता हेतु आयोजन समिति का अस्थायी गठन, जयन्ती समारोह विषयक स्मारिका का प्रकाशन, इस वर्ष के आयोजन को गढवा जिले में करने पर सहमति बनी। बताते चलें कि महामना परिवार प्रतिवर्ष झारखण्ड के अलग अलग जिले में राज्यस्तरीय आयोजन करता है।
कार्यक्रम का प्रारम्भ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुआ। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत महामना परिवार (झारखण्ड) के संयोजक डॉ० विमलेन्दु कुमार त्रिपाठी ने किया
ज्ञात हो कि महामना परिवार (झारखण्ड) विगत तीन वर्षों से झारखण्ड को केन्द्रित कर मालवीय जयन्ती का आयोजन करता आ रहा है।यह परिवार काशी हिन्दू विश्विद्यालय (बीएचयू) के ऐसे पूर्व छात्रों का समूह है जो या तो झारखण्ड प्रदेश के रहने वाले हैं या झारखण्ड प्रदेश में कार्यरत हैं। समूह का उद्देश्य है महामना मालवीय जी के आदर्शों, मूल्यों एवं उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश भर में शैक्षिक, साहित्यिक एवं सामाजिक उत्थान हेतु कार्य करना है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गिरिडीह कॉलेज के प्राध्यापक डॉ बालेन्दु शेखर त्रिपाठी ने कहा कि महामना प्रखर राष्ट्रवादी और उच्चकोटि के देशभक्त थे। देश की स्वतंत्रता, राष्ट्र के गौरव की वृद्धि, तथा जनता की सर्वांगीण उन्नति उनकी देश सेवा के मुख्य लक्ष्य थे।ऐसे महामनीषी के द्वारा स्थापित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विश्विद्यालय के पूर्व छात्र पूरी दुनिया में उनके आदर्शों एवं विचारों को पोषित करने का कार्य कर रहे हैं। महामना परिवार (झारखण्ड) की यह पहल सर्वथा प्रशंसनीय है।इस बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। पिछले वर्ष के आयोजन की सफलता को रेखांकित किया। इस वर्ष की योजना पर विशद चर्चा की। बैठक में देवघर जिले से भुवन भास्कर, डॉ रामअचल यादव, रंजन कुमार चौधरी,रामगढ़ जिले से डॉ रजनीकांत उपाध्याय, डॉ लक्ष्मण तिवारी, दुमका जिले से पारस प्रणव, डॉ प्रियंकर परमेश, धनबाद जिले से संदीप कुमार सिंह, बोकारो जिले से डॉ शशिकान्त पाण्डेय, जमशेदपुर से डॉ चिन्तामणि द्विवेदी, गिरिडीह जिले से मिथिलेश कुमार, डॉ दीपक कुमार सिंह, हृदयानन्द द्विवेदी,विशाल गुप्ता, आदि थे।बैठक का संचालन कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ० शम्भु त्रिपाठी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ पायल वर्मा ने किया।





