पुण्य ही नहीं मेले से जमकर होगी कमाई, 2 लाख करोड़ कमाने की उम्मीद, लाखों को मिलेगा रोजगार, महाकुंभ में बहेगी अर्थ की गंगा
महाकुंभ में 45 दिनों में बिकेगी दो हजार करोड़ की पूजा सामग्री, सरकारी खजाने को टैक्स से लाभ की उम्मीद
प्रयागराज । महाकुंभ भारत का सबसे बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जो इस बार 13 जनवरी से प्रयागराज में शुरू हो रहा है। महाकुंभ का आयोजन धार्मिक मान्यताओं, ज्योतिषीय गणनाओं, और ऐतिहासिक परंपराओं पर आधारित है। यह केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और एकता का प्रतीक भी है, जो देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ में इस साल 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, ऐसे में महाकुंभ से 2 लाख करोड़ रुपए तक रेवेन्यू जेनरेशन बढऩे का अनुमान है। महाकुंभ से होने वाले आर्थिक असर के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2019 के आयोजन ने राज्य की अर्थव्यवस्था में 1.2 लाख करोड़ रुपये का योगदान दिया। इस साल 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, महाकुंभ से आर्थिक विकास में 2 लाख करोड़ रुपये तक की वृद्धि होने का अनुमान है।

भव्य, दिव्य और डिजिटल होगा महाकुंभ
इस बार का महाकुंभ एक भव्य, दिव्य और डिजिटल आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल टूरिस्ट मैप, कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े सुरक्षा तंत्र और स्मार्टफोन के माध्यम से शौचालयों की स्वच्छता का आकलन करने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु जब प्रदेश में आते हैं, तो परिवहन, आवास, भोजन और अन्य सेवाओं पर खर्च करते हैं, जिससे स्थानीय व्यवसाय और रोजगार को बढ़ावा मिलता है। 2024 में काशी में 16 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने काशी विश्वनाथ के दर्शन किए, वहीं अयोध्या में जनवरी 2024 से सितंबर तक श्रद्धालुओं की संख्या 13 करोड़ 55 लाख से अधिक रही है। महाकुंभ के आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है।
पिछली बार 1.20 लाख करोड़ की कमाई
सीआईआई की स्टडी के अनुसार, वर्ष 2013 में आयोजित महाकुंभ में लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जबकि 2019 में हुए कुंभ मेले से 1.20 लाख करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। पिछले कुंभ में करीब छह लाख से ज्यादा लोगों के लिए रोजगार के अवसर बने थे। इस बार उससे काफी अधिक रोजगार मिलेगा। कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) के यूपी चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र कुमार गोयल के मुताबिक, महाकुंभ में 25 हजार करोड़ से अधिक के व्यापार का अनुमान है। पूजा सामग्री का कारोबार लगभग दो हजार करोड़ रुपये होने की उम्मीद है, जबकि 45 दिन के इस मेले में फूलों का कारोबार करीब 800 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान है। मेले के दौरान अन्य वस्तुओं के कारोबार में किराने का सामान (गेहूं का आटा, चीनी, चाय, मसाले) 4000 करोड़ रुपये, खाद्य तेल 1000 करोड़ रुपये, सब्जियों पर 2000 करोड़ रुपये, बिस्तर, गद्दे, बेडशीट और अन्य घरेलू सामान 500 करोड़ रुपये, दूध और अन्य डेयरी उत्पाद 4000 करोड़ रुपये, हीटर और ब्लोअर 50 करोड़ रुपये, जलावनी लकड़ी पर 50 करोड़ रुपये, गंगा जल ले जाने के लिए प्लास्टिक केन 60 करोड़ रुपये, हॉस्पिटैलिटी 2500 करोड़ रुपये, ट्रैवल (कार, ई-रिक्शा) 300 करोड़ रुपये और नाविक 50 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का सबसे ज्यादा योगदान
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का सबसे ज्यादा योगदान होने वाला है। प्रयागराज शहर में दो नए बने पांच सितारा होटलों सहित, प्रयागराज और उसके आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 150 होटलों का कुंभ में आने वाले श्रद्धालु इस्तेमाल करेंगे। होम स्टे, लग्जरी टेंट सिटी, कॉटेज से लेकर सुपर लग्जरी डोम सिटी तैयार की गई है। सरकार ने इस बार महाकुंभ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू कराई है। इससे प्रत्येक व्यक्ति की यात्रा पर तीन हजार रुपये का टिकट लगेगा। हेलीकॉप्टर सेवा के जरिये ही 150 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। सरकार ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि जो भी काम किया जाए उसमें जीएसटी जरूर दिया जाए। इस तरह, सरकारी खजाने को टैक्स से काफी लाभ होने की उम्मीद है।
मेले में बहुत कुछ नया हो रहा
सातवीं शताब्दी में चीनी यात्री ह्वेनसांग ने कुंभ मेला में आस्था और वाणिज्य का मिलाजुला रूप देखा था, जहां शासक और व्यापारी पवित्र जल में स्नान करते और दान देते थे। यह भावना आज भी मौजूद है, और यह मेला 40 दिन तक चलने वाले एक विशाल व्यापारी और धार्मिक संगम में बदल चुका है। यह मेला एक बड़ा बाजार बन चुका है, जहां हर निर्णय, चाहे वह फूड स्टॉल लगाने का हो, टेंट सिटी का किराया तय करने का हो, या फ्लोटिंग जेटी का निर्माण करने का हो, जोखिम और अवसर दोनों से जुड़ा होता है। योगी आदित्यनाथ की भाजपा सरकार ने 6,990 करोड़ रुपए के बजट में 549 परियोजनाएं शुरू की हैं, जो मेला स्थल के बुनियादी ढांचे से लेकर स्वच्छता तक के विकास को कवर करती हैं। 2019 के कुंभ से तुलना करें तो उस समय 3,700 करोड़ रुपए में 700 परियोजनाएं थीं। अधिकारियों का अनुमान है कि इस मेले से 25,000 करोड़ रुपए का राजस्व मिलेगा और इसका राज्य की अर्थव्यवस्था पर कुल प्रभाव 2 लाख करोड़ रुपए होगा। इस मेले में एक रात के लिए 1 लाख रुपए तक के लग्जरी टेंट से लेकर, आकर्षक कॉर्पोरेट स्पॉन्सरशिप, चहल-पहल वाले पूजा बाजार और छोटे व्यापारियों के लिए अपने कारोबार को बढ़ाने का एक मौका है। यहां तक कि गंगा के नाविक भी इस आयोजन से अपनी आजीविका की उम्मीद लगाए हुए हैं।





