गोड्डा : स्थानीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन बायोडायवर्सिटी पार्क में मंगलवार को झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन जी की आदमकद प्रतिमा का भव्य एवं गरिमामय वातावरण में अनावरण किया गया। यह अवसर जिले के लिए ऐतिहासिक, भावनात्मक एवं प्रेरणादायी रहा। उक्त कार्यक्रम में विधायक पोड़ैयाहाट प्रदीप यादव, विधायक बोरियो धनंजय सोरेन, उपायुक्त लोकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर पवन बाघ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि अन्य प्रशासनिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा झारखंड राज्य के निर्माण, आदिवासी समाज के उत्थान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा एवं सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि दिशोम गुरु ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड की अस्मिता, आदिवासी समाज के अधिकार एवं सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, दूरदर्शिता एवं जनसेवा सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा झारखंड की गौरवशाली विरासत, संघर्ष एवं जनआकांक्षाओं का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास एवं महान विभूतियों से जोड़ने का कार्य करेगी।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि दिशोम गुरु स्वर्गीय श्री शिबू सोरेन का जीवन हमें जनसेवा, सामाजिक समरसता, समानता एवं समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करना केवल सम्मान प्रकट करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके विचारों, मूल्यों एवं आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन बायोडायवर्सिटी पार्क में स्थापित यह प्रतिमा आने वाले वर्षों तक लोगों को प्रेरणा देती रहेगी।कार्यक्रम का समापन दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन जी के प्रति सामूहिक श्रद्धांजलि, उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प तथा झारखंड के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर उपरोक्त के अलावा जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज , पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, जनजातीय समाज के सदस्य, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


