लखनऊ : राजधानी लखनऊ में पीजीआई इलाके में लिव इन में रह रही महिला की हत्या उसके ही प्रेमी ने की थी। प्रेमी ने हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की लेकिन पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रेमी गिरिजा शंकर ने हत्या से पहले प्रेमिका गीता का 1 करोड़ का बीमा करवाया था। बीमे की रकम हड़पने के लिए उसने गीता की एसयूवी से कुचलकर हत्या कर दी और पूरे मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में पेशे से वकील गिरिजा शंकर गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त एसयूवी कार को बरामद कर लिया है। बता दें कि शुक्रवार सुबह पीजीआई इलाके में सड़क किनारे गीता जख्मी हालत में मिली थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने बुरी तरह से जख्मी गीता को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गीत एके परिजनों ने प्रेमी गिरिजा शंकर पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। हालांकि, गिरिजा शंकर इसे हादसा बताता रहा। जब पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज से इस बात का खुलासा हुआ कि गीता की हत्या कार से कुचलकर की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक शादी का दबाव बनाने पर आरोपी गिरिजा शंकर ने गीता को मार डाला। इतना ही नहीं गिरिजा शंकर पर रायबरेली और लखनऊ में कई मामले पहले से दर्ज हैं।






