पुलिस ने मामला दर्ज कर चार घंटे में की किशोर की सकुशल की बरामदगी
दुमका ब्यूरो

दुमका। जिला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़े कांड का पर्दाफाश किया है। एक किशोर के अपहरण होने का एफआईआर तालझारी थाना कांड सं0-05/2025, दिनाकं-15.01.2025, धारा-140(2)/3 (5) बी0एन0एस0 का
दर्ज करने के चार घंटे के अंदर पुलिस ने न सिर्फ उस किशोर की बरामदगी की बल्कि अपराध में शामिल छह युवकों को भी धर दबोचा ।
क्या है पूरा मामला
——————
दो दिन पूर्व 14 जनवरी की रात दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के सहारा चौक के पास से बाइक सवार 17 साल के इजाज अंसारी का अपहरण कर लिया और रिहाई के बदले में पिता रूस्तम मिंया से एक लाख की फिरौती मांगी । पिता रुस्तम मियां दूसरे दिन 15 जनवरी की सुबह तालझारी थाना पहुंचे और सारी बात बताई । पुलिस ने मामला दर्ज कर महज चार घंटे के अंदर किशोर की सकुशल बरामदगी कर सभी छह अपराधियों को नज़दीक के ही जमुनीबांध जंगल से धर दबोचा । इस अपहरण कांड में शामिल गिरफ्तार युवकों के नाम हैं – रवि कुमार, बबलू कुमार महतो, राहुल ठाकुर, कुंदन कुमार, जानकी मंडल एस यह यह सभी आरोपी हंसडीहा थाना क्षेत्र के निवासी हैं और आशीष शर्मा , जो जरमुंडी थाना क्षेत्र के कुशबाद गांव का रहने वाला है ।
अपहरणकर्ताओं को भेजा गया जेल
—————
गुरुवार को पुलिस ने सभी छह युवकों को जेल भेज दिया। उनके पास से अपराध में प्रयुक्त दो कार के अलावा छह मोबाइल फोन, दस सिम और तीन एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं ।
एसपी ने दी जानकारी
—————
गुरुवार की शाम अपने कार्यालय कक्ष में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि 14 जनवरी की शाम को इजाज अंसारी बाइक से कहीं जा रहा था। सहारा चौक से कुछ आगे दो कार सवार छह अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया। अपराधियों ने इजाज के ही फाेन से उसके पिता से रिहाई के एवज में एक लाख रुपया की फिरौती मांगी तो पिता ने थाना में बेटे के अपहरण की सूचना दी। तुरंत मामला दर्ज कर जरमुंडी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआइटी का गठन किया गया ।
इधर तकनीकी टीम ने अपना काम करना शुरू किया। पता चला कि सभी आरोपित तालझारी के जंगल में हैं । पुलिस ने जंगल में दबिश देकर किशोर की सकुशल बरामदगी करते हुए सभी अपराधियों को धर दबोचा। पूछताछ में सभी अपराधियों ने अपहरण की बात स्वीकार की । गिरफ्तार जानकी मंडल ओर रवि कुमार गुप्ता का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों वर्ष 2016 में जरमुंडी में हुए ट्रक लूट कांड में जेल भी जा चुके हैं।
अपहरण के पीछे साइबर क्राइम तो नहीं
————————-
इस मामले में जिले के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने यह भी बताया कि अपराधियों को यह जानकारी लगी थी कि इजाज अंसारी साइबर अपराध से जुड़ा है और उसके पास रुपए हैं । यही वज़ह है कि उन्होंने इस किशोर का अपहरण किया था । एसपी ने कहा कि अब पुलिस द्वारा इजाज के मोबाइल को खंगाला जा रहा है । साथ ही सभी थाना से यह जानकारी एकत्र की जा रही है कि कहीं उसके खिलाफ साइबर अपराध का कोई मामला तो दर्ज नहीं है। अगर अनुसंधान में इजाज अंसारी साइबर अपराधी साबित हो जाता है तो उसके खिलाफ कारवाई की जाएगी।





