पुणे । केतन हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है। यह वीडियो एक पब का है, जिसमें सिया किसी से फोन पर बात करते नजर आ रही है। सिया के हाथ में बियर की बोतल है और तेज आवाज में भद्दी गालियां देते हुए किसी से बात कर रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दिसंबर 2025 का है। इस वीडियो के सामने आने से करीब 24 घंटे पहले सिया की मां ने दावा किया था कि उनकी बेटी ना ही पार्टियों में जाती थी और ना ही वह शराब पीती है। सिया के इस वीडियो ने सिया की मां के दावों की पोल खोल दी है। बता दें सिया पुलिस की कस्टडी में है। उससे केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पूछताछ जारी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वायरल वीडियो में दिख रही सिया गोयल पर अपने ही मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है। आरोप है कि उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। अब तक की पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि सिया बहाने से केतन को घूमने के लिए लोनावला के लोहागढ़ किले ले गई थी। साजिश के तहत चेतन भी इनके पीछे-पीछे लोहागढ़ किला पहुंच गया। अब तक की जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए सिया ने अपने प्रेमी चेतन को इशारा किया और फिर जूते के फीते बांधने के बहाने नीचे बैठ गई। सिया जैसे ही नीचे बैठी चेतन ने केतन को किसे से धक्का दे दिया। इस धक्के से केतन किले की दीवार से खाई में गिर गया। इसके बाद केतन का शव खाई से बरामद हुआ था। शुरूआती पूछताछ में सिया ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
सिया भले ही केतन की मौत को एक हादसा बता रही हो, लेकिन मौके का मुआयना करने के बाद पुलिस को शक है। इसी शक के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सिया की कॉल डिटेल को खंगालने के बाद पूरा मामला खुलकर सामने आया, जिसके बाद, पुलिस ने पहले सिया और फिर उसके प्रेमी चेतन को अरेस्ट कर लिया। फिलहाल, दोनों से पूछताछ का जारी है।


