प्रेमी और उसके भाई ने हत्या कर लाश सड़क पर फेंकी, पोस्टमार्टम में खुला राज
कानपुर । यूपी के कानपुर देहात में पुलिस ने एक ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल कौन सोच सकता है, कि जिस मां ने अपने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, वही एक दिन उसकी जान भी ले लेगी। हत्या की वजह मां का प्रेम प्रसंग और पैसों का लालच था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूरा मामला कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव का है। यहां रहने वाली ममता सिंह ने अपने ही बेटे प्रदीप सिंह (25) की हत्या करवा दी। पिता की मौत के बाद ममता के प्रेमी मयंक कटियार का घर पर आना-जाना बढ़ गया था। बेटा इसका विरोध करता था। “मां ये रास्ता गलत है” लेकिन मां को पैसे और प्रेमी के साथ रहने की लत लग चुकी थी। इसी दौरान ममता ने बेटे के नाम पर चार बीमा पॉलिसियां कराईं। कुल रकम 30 लाख रुपए से ज्यादा थी। इसके बाद उसने एक खतरनाक साजिश रची।
मां ममता ने अपने प्रेमी मयंक और उसके भाई ऋषि के साथ मिलकर बेटे को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। बेटे को बहाने से बुलाया, कहा- “आ जा बेटा, खाना खा लेना।” मगर बेटा निकला तो जिंदा वापस नहीं लौटा, क्योंकि रास्ते में मयंक और ऋषि ने हथौड़ी से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को हाईवे किनारे फेंक दिया, ताकि सड़क हादसा लगे। हादसा बताकर बीमा की रकम हासिल की जा सके, लेकिन जब पोस्टमार्टम हुआ तो सच्चाई सामने आ गई, क्योंकि मृतक का सिर फूटा था, हड्डियां टूटीं थीं, शरीर पर गहरे जख्म थे।
डॉक्टरों ने साफ कहा कि ये एक्सीडेंट नहीं, मर्डर है। पुलिस ने जांच शुरू की, मोबाइल लोकेशन निकाली, तो पता चला कि घटना के वक्त मां और प्रेमी एक ही जगह थे। पुलिस ने जब मयंक को पकड़ा तो पूरा राज खुल गया। उसने बताया कि ममता आंटी ने कहा था कि उसे खत्म कर दो। बीमा की रकम आ जाएगी, फिर हम आराम से रहेंगे। इस तरह बेटे की जान की कीमत मां ने रुपयों और अवैध प्यार से तौल दी।
बीते दिन बरौर पुलिस ने मुठभेड़ में ऋषि कटियार को दबोच लिया। गोली लगने से वह घायल हुआ है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ी, तमंचा और कार बरामद हुई है। मयंक उर्फ ईशू को भी पकड़ लिया गया है और हत्यारी मां ममता भी पकड़ी जा चुकी है। चेहरे पर कपड़ा लपेटे ममता जब मीडियाकर्मियों के सामने लाई गई तो हर किसी के जेहन में बस एक सवाल था- आखिर, एक मां कैसे प्यार में अंधी होकर अपने ही बेटे का कत्ल करवा सकती है। हालांकि, ममता के चेहरे पर अपराध बोध साफ झलक रहा था।






