जयपुर । राजस्थान हाईकोर्ट को ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ई-मेल में तमिलनाडु की सरकार, नाबालिगों से दुष्कर्म को लेकर नाराजगी जताई गई है। आरोपी ने तुरंत बिल्डिंग खाली कराने के लिए लिखा है। शुक्रवार सुबह मिले धमकी भरे मेल के बाद बिल्डिंग को खाली करा लिया गया। धमकी की जानकारी मिलते ही परिसर में हड़कंप मच गया। सभी को बिल्डिंग से बाहर निकाला। डॉग स्क्वॉड की टीम बिल्डिंग में सर्च कर रही हैं। इस बीच कोर्ट के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए। डीसीपी ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट में मौजूद सभी लोगों को परिसर से दूर रहने के लिए कहा गया। धमकी भरे मेल करने की जांच साइबर टीम कर रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि यह ई-मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है।






