चंडीगढ़ । वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार सुसाइड मामले में हरियाणा सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर,एसपी नरेंद्र बिजारनिया समेत उन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है जिनका जिक्र सुसाइड नोट में किया गया था।
इस मामले में पूर्व रोहतक एसपी नरेंद्र बिजारनिया को शनिवार को ही पद से हटा दिया गया था। बिजारनिया की जगह सुरिंदर सिंह भोरिया को रोहतक का एसपी बनाया गया है। फिलहाल बिजारनिया को कोई पद नहीं दिया गया है। अब डीजीपी शत्रुजीत कपूर को जांच पूरी होने तक छुट्टी पर भेजा गया है। दरअसल, वाई पूरन कुमार, जो 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और रोहतक के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात थे, ने 7 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी। जांच में उनके आठ पेज के सुसाइड नोट में 13 वरिष्ठ अधिकारियों के नाम थे, जिन पर उन्होंने उत्पीड़न और उनके करियर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। इनमें सबसे अधिक आरोप डीजीपी और रोहतक एसपी पर हैं।
यह कदम पूरन कुमार की पत्नी, आईएएस अधिकारी अमनीत पूरन कुमार द्वारा पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद उठाया गया है, जिसमें हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर, रोहतक एसपी और अन्य सीनियर अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न और उकसावे का आरोप लगाया गया है। उन्होंने आरोपित अधिकारियों को एफआईआर में नामजद करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। परिवार ने पोस्टमॉर्टेम और अंतिम संस्कार की अनुमति तब तक देने से इनकार कर दिया है जब तक उनकी मांगों का निपटारा नहीं हो जाता। हरियाणा सीएम नायब सैनी खुद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और सख्त कार्रवाई का आश्वसान दिया था। डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने 16 अगस्त 2023 को हरियाणा के शीर्ष पुलिस अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। इससे पहले उन्होंने राज्य के एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के निदेशक जनरल के रूप में भी भ्रष्टाचार और हाई-प्रोफाइल मामलों से निपटा है। कपूर ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में भी कई संवेदनशील मामलों की जांच की है। हरियाणा के सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सरकार सुनिश्चित कर रही है कि परिवार के साथ कोई अन्याय न हो। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और मुख्य सचिव ने भी परिवार से मुलाकात की और उनकी चिंताओं को दूर करने का प्रयास किया। बेदी ने कहा, “परिवार को आश्वासन दिया गया है कि पूरा कैबिनेट उनके साथ खड़ा है। रोहतक एसपी को परिवार की मांग पर स्थानांतरित किया गया है। जांच पूरी तरह से चल रही है और सरकार उनकी सभी समस्याओं को सुलझाने में लगी हुई है।
सुसाइड नोट में 13 अफसरों पर लगाए आरोप
वाई पूरन कुमार के सुसाइड नोट में कुल 13 वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ आरोप थे, जिनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, पूर्व मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, पूर्व एसीएस राजीव अरोड़ा, डीजीपी हरियाणा शत्रुजीत सिंह कपूर, रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने लिखा कि मेरे बैचमेट्स मनोज यादव, पीके अग्रवाल और टीवीएसएन प्रसाद ने मिलकर जातिगत उत्पीड़न किया। मैंने गृह मंत्री और मुख्य सचिव को लिखित शिकायत दी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आईपीएस कुलविंदर सिंह ने उन्हें फोन पर चेतावनी दी कि डीजीपी ने आदेश दिया है कि तुम्हें स्थायी रूप से हटाया जाएगा, संभल जाओ। वहीं आईपीएस माटा रवि किरण ने उनके प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे उन्होंने आत्महत्या का मुख्य कारण बताया। उन्होंने अंतिम पन्ने में लिखा मैं अब और नहीं सह सकता। जो लोग मुझे इस स्थिति तक लाए, वही मेरी मौत के जिम्मेदार हैं।






