श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर एलओसी के पास रविवार देर रात संदिग्ध घुसपैठियों की गतिविधि की सूचना मिलते ही सेना के जवानों ने उन पर गोलीबारी की। दूसरी तरफ से गोलीबारी की कोई सूचना नहीं है, लेकिन सीमा पार से घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए अखनूर और सुंदरबनी सेक्टर में बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक जम्मू के बाहरी इलाके अखनूर के बट्टल सेक्टर में रात करीब डेढ़ बजे तीन से चार घुसपैठियों की संदिग्ध गतिविधि देखी गई, जिसके बाद सेना के जवानों ने उन पर गोलियां दागीं। रात में इलाके में ड्रोन के जरिये निगरानी की गई और कड़ी घेराबंदी के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। सुबह होते ही तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक सेना के जवानों ने राजौरी जिले के सुंदरबनी-नौशेरा सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद उन्होंने कई राउंड गोलियां चलाईं। अधिकारियों ने बताया कि एलओसी से सटे इलाके में तलाश अभियान जारी है। जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 को रद्द किए जाने के पांच साल सोमवार को पूरे हो गए, जिसके मद्देनजर केंद्र-शासित प्रदेश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


