नई दिल्ली । एशिया कप राइजिंग स्टार 2025 के पहले सेमीफाइनल में इंडिया ए को बांग्लादेश ए के खिलाफ सुपर ओवर में दर्दनाक हार का सामना करना पड़ा। रोमांचक मुकाबले में मैच टाई होने के बाद भी टीम इंडिया ए अंत में जीत हासिल नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। टॉस जीतकर इंडिया ए के कप्तान जितेश शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन यह निर्णय मैच के दौरान कई बार गलत साबित होता दिखा। बांग्लादेश ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 194 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में इंडिया ए ने भी उतनी ही संख्या में रन बनाए, लेकिन कई गलतियों ने टीम को जीत से दूर कर दिया।
मैच का सबसे बड़ा मोड़ आखिरी दो ओवरों में आया, जहां भारतीय गेंदबाज पूरी तरह विफल साबित हुए। 18वें ओवर तक ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश की टीम 150-160 रन के बीच ही रुक जाएगी, लेकिन नमन धीर और विजयकुमार वैश्यक ने मिलकर आखिरी 12 गेंदों में 50 रन लुटा दिए। नमन धीर ने 19वां ओवर फेंका, जिसमें उन्होंने अकेले 28 रन दे दिए। इस ओवर में एसएम मेहरोब ने लगातार बड़े शॉट लगाते हुए मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद अंतिम ओवर में भी भारतीय गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे और बांग्लादेश ए ने 22 रन जोड़कर मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली।
इंडिया ए की हार का दूसरा बड़ा कारण नेहाल वढेरा की बेहद धीमी पारी रही। वढेरा अंत तक क्रीज पर टिके रहे, लेकिन 29 गेंदों पर सिर्फ 32 रन बनाकर उन्होंने टीम के रनरेट पर भारी दबाव डाल दिया। जब टीम को तेजी से रन की जरूरत थी, तब वढेरा बड़े शॉट खेलने में असफल रहे। उनकी सुस्ती ने दूसरे बल्लेबाजों पर भी अतिरिक्त दबाव बढ़ा दिया और टीम को लक्ष्य का पीछा करने में मुश्किलें आईं।
कप्तान जितेश शर्मा की रणनीति भी हार की अहम वजह बनी। पहले गेंदबाजी का फैसला तो गलत साबित हुआ ही, लेकिन सुपर ओवर में लिए गए निर्णय ने मैच पूरी तरह बांग्लादेश की झोली में डाल दिया। सुपर ओवर में जितेश ने खुद बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद आशुतोष शर्मा भी बिना रन बनाए आउट हो गए। इस तरह इंडिया ए सुपर ओवर में मुकाबला खत्म होने से पहले ही दबाव में टूट गई और बांग्लादेश को सिर्फ एक रन का आसान लक्ष्य मिल गया। इन तीन बड़ी गलतियों खराब गेंदबाजी, धीमी बल्लेबाजी और गलत कप्तानी ने मिलकर इंडिया ए के फाइनल तक पहुंचने के सपने पर विराम लगा दिया।


