जामताड़ा : बीते 3 दिनों से हो रही झमाझम बरसात के कारण आम जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। सोमवार की शुरुआत भी बारिश से हुई जो पूरे दिन लगातार जारी रहा। भारी बारिश के चलते जहां एक तरफ नदी नाले खेत खलियान सभी भर गए हैं, वहीं मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों की परेशानी का बहुत बड़ा कारण बिजली गुल होना भी रहा। रात से ही बिजली बाधित हो गई और पूरे दिन शहर के दोनों ही फीडर में बिजली बाधित रही। जामताड़ा दुमका रोड मुख्य मार्ग पर कोलाडाबर गांव के समक्ष एक विशाल पेड़ गिरने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क पर बीचो-बीच पेड़ गिर जाने से दोनों ही ओर से यातायात बाधित हो गया और लंबी जाम लग गई। ग्रामीणों की मदद से पेड़ हटाने का कार्य किया गया ताकि परिचालक बहाल हो सके। शहर में ज्यादातर दुकानें बंद रही। सड़कों पर आवाजाही भी काफी कम दिखाई दी। बहुत जरूरी काम छोड़कर सभी तरह के लोग अपने-अपने घरों में मौसम का आनंद लेते रहे। बारिश का आलम यह है कि सुबह से देर रात तक 5 मिनट के लिए भी नहीं रुकी। शहर में जगह-जगह जल जमाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जामताड़ा में पहली बार रेलवे ट्रैक पर भी जल जमाव का नजारा दिखाई दिया। रेलकर्मी ट्रैक से पानी हटाने का लिए दिनभर जद्दोजहद करते रहे।





