रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन जमीन अधिग्रहण से जुड़ा मुआवजा, एनओसी और म्यूटेशन में धांधली का मुद्दा गरमाया रहा। इस पर विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी सवाल उठाए।
विधायक नागेंद्र महतो ने सरकार से पूछा कि क्या वह गैर-मजरूआ जमीन पर किसानों से राजस्व लेकर उन्हें स्वामित्व का अधिकार देने पर विचार कर रही है? इस पर मंत्री दीपक बिरूआ ने जवाब दिया कि पूर्व की भाजपा सरकार ने अवैध जांच का आदेश दिया था, लेकिन अब 2018 से पूर्व की बंदोबस्ती वाली जमीन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्रक्रिया लागू होने के बाद खाता और प्लॉट नंबरों में बदलाव कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत से पांच एकड़ की जमीन को पांच डिसमिल दिखाया जा रहा है और सीओ (अंचल अधिकारी) 25 से 50 हजार रुपये तक की घूस मांग रहे हैं। इस पर मंत्री दीपक बिरूआ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी अंचल से ऐसी शिकायत मिलती है, तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भी भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे को उठाया। उन्होंने सरकार से मांग की कि विकास कार्यों के लिए भूमि देने वाले रैयतों के गैर-अधिग्रहित प्लॉट पर प्रतिबंध हटाया जाए, क्योंकि इस कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। विधायक सुरेश पासवान ने देवघर का मामला उठाते हुए कहा कि वहां रसीद कटवाने पर अधिकारियों द्वारा सीबीआई जांच का हवाला दिया जा रहा है।विधायक राजेश कच्छप ने ज्यूडिशियल अकादमी से नगड़ी तक अधिग्रहित भूमि के मुआवजे का भुगतान अब तक न होने का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री दीपक बिरूआ ने स्पष्ट किया कि रैयती जमीन को प्रतिबंधित करने का कोई प्रावधान नहीं है। अगर कोई अधिकारी एनओसी देने में देरी करता है, तो 15 दिनों के भीतर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि सीओ (अंचल अधिकारी) सीबीआई जांच का बहाना बना रहे हैं, तो उन्हें भी शोकॉज किया जाएगा। स्पीकर ने निर्देश दिया कि यह आदेश राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों (डीसी) को भेजा जाए।
————————————–
108 एंबुलेंस सेवा और रोजगार पर गरमाई बहस
रांची । विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर सत्ता पक्ष ने सरकार को घेरा। विधायक अमित कुमार यादव ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग उठाई, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि कोडरमा में मेडिकल कॉलेज का 38% निर्माण पूरा हो चुका है। पहले चरण में धनबाद, देवघर, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और जमशेदपुर में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। इसके अलावा, पांच सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल और 108 एंबुलेंस सेवा को मजबूत करने की योजना है।
विधायक स्टीफन मरांडी ने 108 एंबुलेंस और सदर अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने की मांग की, जबकि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सेवा की नियमावली में संशोधन का सुझाव दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा का जिम्मा नई एजेंसी को सौंपा गया है और इस पर कार्य जारी है।
श्रम मंत्री संजय प्रसाद सिंह यादव ने कहा कि सरकार रोजगार के प्रति उदार दृष्टिकोण अपना रही है। 24 में से 18 जिलों में रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं, और कुटीर एवं मध्यम उद्योगों में रोजगार बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।विधायक प्रदीप यादव ने शिकायत की कि उनके सवालों के जवाब समय पर नहीं मिल रहे हैं। स्पीकर ने सभी विभागों को समय पर उत्तर देने का निर्देश दिया, लेकिन प्रदीप यादव ने देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सचिव पर कार्रवाई की मांग की।भाजपा विधायक राज सिन्हा ने 917.69 करोड़ की धनबाद पेयजलापूर्ति योजना पर चर्चा न होने को लेकर सवाल उठाए। प्रभारी मंत्री ने जवाब दिया कि धनबाद में कुल 12 योजनाएं चल रही हैं, जिनमें स्टेट प्लान की योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि नगर विकास विभाग बाकी योजनाओं पर काम कर रहा है।





