नई दिल्ली । बिहार की राजनीति में सक्रिय जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चुनावी नामांकन के साथ दाखिल किए गए अपने हलफनामे में पहली बार अपनी और अपने परिवार की संपत्ति का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया है। हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी जाह्नवी दास की कुल संपत्ति 198 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें प्रशांत किशोर के पास लगभग 96 करोड़ रुपये, जबकि उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास करीब 112 करोड़ रुपये की संपत्ति है। हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर के पास करीब 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और लगभग 73 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं जाह्नवी दास के पास लगभग 89 करोड़ रुपये की चल और करीब 12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज की गई है।
उन्होंने बैंक से 5.77 करोड़ रुपये का ऋण भी लिया हुआ है। संपत्तियों में गुवाहाटी, नोएडा, गाजियाबाद, पटना, दिल्ली और बक्सर सहित कई स्थानों पर फ्लैट, प्लॉट और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। हलफनामे में यह भी बताया गया है कि प्रशांत किशोर की कंपनी वेधा वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 में जन सुराज को 85 करोड़ रुपये का चंदा दिया। इसके अलावा जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये और जॉय ऑफ गिविंग संस्था को 2.75 करोड़ रुपये का योगदान भी दिया गया। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि यह केवल उनका नामांकन नहीं, बल्कि बिहार के बेहतर भविष्य और राजनीतिक बदलाव की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और यही अभियान उस परिवर्तन का आधार बनेगा।


