संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा/पतना- रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में रविवार देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई. शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने ही 22 वर्षीय इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है.पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.मृतक की पहचान 22 वर्षीय सफीकुल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी पिता मुजाहिरुल हक ने देर रात घर लौटकर सो रहे बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के लिए ले गए. लेकिन हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार रविवार शाम पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद आरोपी घर से चला गया. देर रात शराब के नशे में वापस लौटने पर उसने सो रहे बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया. वारदात के बाद वह अपनी पत्नी पर भी हमला करने बढ़ा. लेकिन बेटी के शोर मचाने पर लोग जाग गए. लोगों के जुटने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया.
घायल सफीकुल को पहले केंदुआ के एक अस्पताल, फिर बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उसके बाद फरक्का अस्पताल ले जाया गया.चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया. लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.ग्रामीणों के अनुसार आरोपी लंबे समय से शराब का आदी था और आए दिन नशे की हालत में परिवार के साथ मारपीट व विवाद करता था. मृतक और उसकी मां अक्सर इसका विरोध करते थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.परिवार पहले से ही दुखों का सामना कर चुका था. करीब आठ वर्ष पहले सफीकुल के बड़े भाई की ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी. अब इकलौते बेटे की हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है.
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएंगा.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


