संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। प्रखण्ड क्षेत्र में डीएमएफटी (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट) मद से कई योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया है। लेकिन योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं होने से योजनाओं में भारी गड़बड़ी और अनियमितता देखने को मिल रही है। ताजा मामला प्रखण्ड के पालमण्डरो गाँव के प्रधान टोला में किरानी हेम्ब्रम के जमीन पर झरना कूप का निर्माण का है। उक्त स्थान पर डीएमएफटी मद के योजना संख्या 02/2024 – 25 के तहत सिंचाई कूप का निर्माण कराया गया है। इस कूप की प्राक्कलित राशि एक लाख 51 हजार 3 सौ रुपये है। इस योजना का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। योजना स्थल का मुआयना करने के बाद यह प्रतीत होता है कि निर्माण कार्य में जमकर लूट मचाई गई है। कुछ ग्रामीणों ने नाम सार्वजनिक नहीं छपने की शर्त पर बताया कि निर्माण कार्य में गोल व तोड़े गए बोल्डर का उपयोग किया गया है। जबकि नियमानुसार योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए लगातार संबंधित विभाग के तकनीकी कर्मियों की देखरेख जरूरी होती है। साथ ही बरती जा रही अनियमितता पर भी लगाम लगाना आवश्यक है।
क्या है डीएमएफटी:- राज्य के विकास के लिए ही डीएमएफटी मद बनाया गया है। इस मद का उपयोग जिले के डीसी के निर्देश पर होता है। खास कर खनन क्षेत्र में उसके दुष्प्रभाव की भरपाई के लिए इस मद में प्राप्त राशि का उपयोग विकास योजनाओं को पूर्ण करने के लिए किया जाता है। प्राथमिकता के आधार पर डीएमएफटी मद का उपयोग पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य विकास कार्यों में किया जाता है।
क्या कहते हैं बीडीओ श्रीमान मरांडी :- डीएमएफटी फंड से किए जा रहे कार्य में अगर अनियमितता है तो इसकी मैं खुद जांच करूंगा। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।





