छह पुलिसकर्मी घायल, एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी को भी आई चोटें
भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के बीच बीती रात नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने और युवा नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से जिलेभर में नरोत्तम के समर्थकों ने बवाल मचा दिया। करीब 18 घंटे बाद पूर्व गृहमंत्री नरोतत्म मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। मीडिया द्वारा घटना पर सवाल किए जाने पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ये पार्टी का फैसला है। मुझे विजुअल्स दिखाए गए हैं, पेट्रोल डालते हुए कार्यकर्ताओं के। ऐसा कोई कार्य न करें। पार्टी के फोरम पर अपने तरीके से बात कही जाती है। इस तरीके से व्यक्त नहीं की जाती।
नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों का बवाल शनिवार को दूसरे दिन और तेज हो गया। सुबह 4 बजे से उनके समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया। पुलिस वाहन समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की उन्हें पलट दिया। समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए कई स्थानों पर पुलिस पर पथराव किया, इस घटना में पुलिस के कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने जाम लगा रहे कई कार्यर्ताओं को हिरासत में लिया है। बाद में जाम खुलवा दिया गया।
दतिया के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शुक्रवार शाम से ही तीन हजार से ज्यादा मिश्रा के समर्थकों ने शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने पहले बाजार बंद कराने की कोशिशें की और हाईवे पर जाम लगा दिया। कलेक्टर और एसपी प्रदर्शनकारियों से बार-बार बातचीत कर रास्ता खुलवाने की अपील करते रहे, लेकिन वे नहीं माने। प्रशासन की अपीलों के बावजूद शनिवार सुबह 4 बजे से प्रदर्शनकारियों ने अचानक पुलिस बल पर पथराव से हमला कर दिया। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को आंसूगैस के गोले दागे। उपद्रवियों ने पथराव और तेज कर दिया। हिंसक हमले में 6 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी को भी चोटें आई हैं।


