युवती के बॉयफ्रेंड सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
अररिया । बिहार के अररिया में पुलिस ने एक युवती को उसके बॉयफ्रेंड के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। युवती पर मंगेतर पर गोली चलवाने का आरोप है। युवती का मंगेतर दीपक बैंक में काम करता है। हालांकि युवक की जान बच गई। जानकारी के मुताबिक, अररिया में एक युवती की बैंककर्मी युवक के साथ शादी तय हुई थी। लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पहले तो अपराधियों को हायर किया और अपने होने वाले पति दीपक पर गोली चलवा दी। इसके लिए युवती और उसके बॉयफ्रेंड ने अपराधियों को 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी। अररिया पुलिस ने गोलीकांड पर बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी युवती समेत 5 को गिरफ्तार किया है। अररिया के एसपी ने बताया कि इस कार्रवाई में 2 देसी पिस्टल, 2 मैगजीन, 4 कारतूस, 2 मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये भी जब्त किया है। एसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित कर गोलीकांड की जांच की जा रही थी। जानकारी के अनुसार युवती अपने बॉयफ्रेंड से ही शादी करना चाह रही थी लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं थे। परिजनों का फैसला युवती को मंजूर नहीं था। इसलिए उसके मंगेतर को ही रास्ते से हटाने की सोची और उसकी हत्या की साजिश रची थी।


