दुमका। शहर में पत्नी समेत मायके वालाें की पिटाई से आहत 38 साल के प्रताप कुमार राम ने मंगलवार की सुबह राखाबनी स्थित आवास में फांसी लगाकर जान दे दी। घरवालों ने पत्नी समेत मायके वालों पर पिटाई करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। नगर थाना की पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह करीब आठ बजे बड़ा भाई अजय कुमार राम भाई से मिलने के लिए घर गया तो भाई का शव फंदे पर लटका देखकर हतप्रभ रह गया। जीवित होने की उम्मीद में भाई को नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। भाई अजय ने बताया कि भाई आटो के अलावा अपना डीजे साउंड चलाता था। तीन साल पहले प्रताप की शादी कुम्हारपाड़ा की रीमा देवी के साथ हुई थी। सोमवार की देर शाम करीब नौ बजे पत्नी रीमा देवी मायके के किरण देवी, रंजन कुमार, सिकू राम व मीकू राम घर आए और भाई के साथ जमकर मारपीट की। रात 12 बजे तक उसे पीटा गया। जाते समय जान से मारने की धमकी दी। हम लोगों ने बचाने का भी प्रयास किया। पड़ोस के लोगों ने आकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिवार के सभी लोग अपने घरों में सो गए। सुबह कुंडी से लटका शव दिखा। उसने पुलिस को बताया कि सभी आरोपितों ने मारपीट करने के बाद फांसी के फंदे से लटका दिया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


