ग्राम सभा को मिले उनका अधिकार

अमर दास
बोरियो- मांझी परगना सरदार संघ की प्रखंडस्तरीय बैठक सोमवार को रणचारा मैदान में मोंगरा ग्राम प्रधान प्रधान मरांडी की अध्यक्षता में हुई.बैठक में अंचल क्षेत्र के सैकड़ों ग्राम प्रधान सहित रैयत शामिल हुए.बैठक में पेशा कानून पर विस्तार से चर्चा करते हुए ग्राम प्रधान प्रधान मरांडी ने कहा कि 1996 में संसद द्वारा पारित पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम, 1996 (पेशा) के माध्यम से संविधान के 9वें भाग (पंचायत व्यवस्था) के उपबंधों का पांचवी अनुसूची क्षेत्र में प्रावधानों व शर्तों के साथ विस्तार किया गया था. पेशा का मूल यही है कि अनुसूचित क्षेत्र में भी त्रि-स्तरीय पंचायत व्यवस्था के प्रावधानों का विस्तार होगा. लेकिन, आदिवासी-मूलवासी सामुदायिकता, स्वायत्तता और पारम्परिक स्वशासन इस पंचायत व्यवस्था का मुख्य केंद्र बिंदु होगा एवं ग्राम सभा स्वायत्त और स्वशासी होगा. मतलब पंचायत चुनाव होंगे लेकिन प्रमुख शक्ति ग्राम सभा व पारम्परिक स्वशासन की होगी और न कि पंचायत मुखिया का.संविधान के अनुसार पंचायत व स्वशासन राज्य सूची का विषय है. इसलिए पेशा को ज़मीनी स्तर पर लागू करने के लिए राज्य विधान सभा को पेशा के सभी प्रावधानों और शर्तों के मुताबिक पंचायत सम्बंधित कानून बनाकर अथवा राज्य के वर्तमान पंचायत कानून में संशोधन करके पांचवी अनुसूचित क्षेत्र में पंचायत व्यवस्था का विस्तार करना था. 2001 में झारखंड सरकार ने पूरे राज्य में झारखंड पंचायत राज अधिनियम लागू किया. झारखंड पंचायत राज अधिनियम पेशा के अनुरूप होने का ढोंग करती है. लेकिन इसमें पेशा के अधिकांश प्रावधान सम्मिलित नहीं है. पेशा की पूर्ण जानकारी न लोगों को है और न प्रशासनिक पदाधिकारियों व पुलिस को है. इसलिए पेशा बनने के बाद भी अनुसूचित क्षेत्र में आदिवासी-मूलवासियों के जल, जंगल, ज़मीन, सामुदायिक स्वायत्तता, अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान का लगातार उल्लंघन होते रहा है.आज ग्राम सभा में लिए निर्णय का मान्यता नहीं मिल पा रही है.क्षेत्र आदिवासी मूलवासी अपने अधिकारों से वंचित हो रहे है.राज्य सरकार पेशा कानून को लागू करने के बजाय लगातार टालमटोल की रवैया अपना रही है.ग्राम प्रधान सहित रैयतों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्य में पेशा कानून लागू करने की मांग कर रहे है.मौके पर ग्राम प्रधान सलखु मुर्मू,बाबूराम मरांडी, पिथौ मरांडी,ग्रामीण रैयत सुना हांसदा, ताला हांसदा,राम हांसदा,विनोद मुर्मू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.
*क्या है पेशा कानून*
बोरियों -पेशा के अनुसार गाँव-समाज की सोच अनुसार गाँव को परिभाषित किया जायगा और न कि प्रशासनिक फैसले से। एक या एक से अधिक टोलों को गाँव माना जा सकता है. जिनके सभी निवासी अपने आप को एक सामुदायिक इकाई मानते हो और जिनका काम-काज उनके परम्पराओं के अनुसार हो. ऐसे हर गाँव की अपनी ग्राम सभा होगी.पेशा के तहत ग्राम सभा के अनेक अधिकार और सामुदायिक व्यवस्था को मान्यता मिलती है. ग्राम सभा को, जनसाधारण की परम्पराओं और रूढ़ियों, उनकी सांस्कृतिक पहचान, सामुदायिक संपदाओं और विवाद निपटान के सामुदायिक व्यवस्था के संरक्षण और उसके तहत कार्यवाई करने का अधिकार है. पेशा के तहत सामुदायिक संसाधनों के पारंपरिक प्रबंधन और पारंपरिक व रूढ़ि व्यवस्था को मान्यता मिलती है.
*ग्राम सभा को यह है अधिकार है*
1.हर प्रकार के योजनाओं और हितधारकों का चयन व अनुमोदन.
2.भूमि अर्जन से पहले और पुनर्वास के पहले ग्राम सभा से सहमति.
3.गौण खनिजों जैसे बालू, पत्थर आदि पर नियंत्रण.
4.शराबबंदी/नियंत्रण का अधिकार.
5.गौण वन उपजों (जैसे महुआ, इमली, बांस आदि) पर मालिकाना.
6.गैर कानूनी तरीके से ली हुई जमीन वापसी करवाने की शक्ति.
7.ग्रामीण बाजार के प्रबंधन का अधिकार.
8.आदिवासियों को उधार दिए जाने पर नियंत्रण और निगरानी.
9.सामजिक सेक्टरों के सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं और कर्मियों पर नियंत्रण.
10.स्थानीय योजनाओं, जनजाति उपयोजना जैसे सरकारी फण्ड और संसाधनों पर नियंत्रण। इसके अलावा ग्राम पंचायत/पंचायत समिति/ज़िला परिषद् द्वारा किये जाने वाले परियोजनाओं और कार्यक्रमों पर हुए खर्च और हिसाब-किताब को ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत करना और ग्राम सभा से प्रमाण पत्र लिया जाना अनिवार्य है. किसी भी परिस्थिति में प्रशासन, पुलिस, सरकरी विभाग, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति व ज़िला परिषद् ग्राम सभा के इन अधिकारों का उल्लंघन या इनपर दखल नहीं कर सकते हैं.





