संथाल एक्सप्रेस/सावंतादा
बरहरवा: नगर सहित प्रखंड में आयोजित कलश शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लगाए जय माता दी के जयकारे…
गुरुवार को पूरे प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। इस दौरान बरहरवा नगर में स्थित श्री श्री बड़ी दुर्गा प्रबंध कमिटी के डेढ़ सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष पर कमिटी द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकले कलश यात्रा में महिलाएं व युवतियों ने पूरे आस्था के साथ सिर पर कलश लिए निकली। भक्तों के जयकारों के साथ नवरात्र के प्रसिद्ध भजनों से पूरा नगर बाजार गुंजायमान होता रहा। कलश यात्रा में शामिल युवाओं की भीड़ जय दुर्गे, जय भवानी उद्घोष करते चल रहे थे। मां आदि शक्ति के प्रति मन मे श्रद्धाभाव लेकर निकले कलश यात्रा में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पारंपरिक रूप से नवरात्र को लेकर निकले कलश यात्रा का दृश्य अलौकिक छटा बिखेरता दिखा। कलश यात्रा जिस-जिस रास्ते से गुजरी उन रास्तों पर भक्तों के जयकारे से माहौल भक्तिमय रहा। सिर पर कलश मुख में मां भगवती का जयकारा, महिलाएं व युवतियों ने मौके पर पूरे बाजार का भ्रमण कर दुर्गा स्थान पहुंची। नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने दुर्गा मां के प्रथम स्वरूप शैलदेवी की पूजा अर्चना की। इसके साथ हीं पूजा पंडालों, मंदिरों व घरों में दुर्गा सप्तशती के मंत्र गूंजने लगे हैं। जिससे संपूर्ण क्षेत्र में वातावरण भक्तिमय हो चला है। इस दौरान नगर सहित प्रखंड के अन्य कई गांवों में भी पूजा समिति के द्वारा कलश यात्रा निकालकर मां दुर्गा की पूजा आराधना प्रारंभ की गई। बड़ी दुर्गा हाटपाड़ा पूजा कमेटियों की सदस्यों ने बताया कि यह कलश यात्रा बड़ी दुर्गा की स्थापना के डेढ़ सौ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य पर निकाली गई है।


