रांची । कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू का झारखंड के पलामू जिले में एनकाउंटर कर दिया गया। अमन साहू का आपराधिक इतिहास कई राज्यों में फैला हुआ था। उनके खिलाफ रंगदारी वसूलने, हत्या और कई अन्य गंभीर अपराधों के 100 से अधिक मामले झारखंड सहित दूसरे राज्यों में भी दर्ज थे। लेकिन आज वह झारखंड पुलिस के साथ मात्र पांच मिनट के मुठभेड़ में मारा गया। अमन मूल रूप से हजारीबाग के बड़कागांव निवासी निरंजन साहू का बेटा था। वह आईटीआई पास था। अपराध की दुनिया में उसने सिर्फ इसलिए कदम रखा था ताकि वह नाम और शोहरत कमा सके। अमन साहू ने 12वीं कक्षा के बाद आईटीआई में डिप्लोमा किया और एक मोबाइल शॉप खोली. इस दौरान उसकी मुलाकात कुछ अपराधियों से हुई, जिससे प्रभावित होकर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। अमन पहला ऐसा अपराधी था जो मिनी जैमर साथ में लेकर चला करता था।

कुख्यात अपराधी अमन साहू आइटीआई तकनीक की पूरी जानकारी रखता था। शायद यही वजह है कि उसने कभी भी मोबाइल पास में नहीं रखा। साल 2020 में जब उसे रांची के तत्कालीन एसएसपी सुरेंद्र झा ने गिरफ्तार किया था, तब उसने यह कबूला था कि वह पकड़ा न जाए इसलिए वह हॉटस्पॉट डिवाइस और जैमर रखता था। अपने बयान में अमन ने बताया था कि छोटे जैमर की पहुंच 100 मीटर तक होती है। मोबाइल टावरों से मिले सिग्नल के जरिए ही मोबाइल काम करता है, लेकिन जैमर टावरों से मिलने वाले सिग्नल को मोबाइल तक पहुंचने ही नहीं देता है। ऐसे में सिग्नल (नेटवर्क) न मिलने के कारण मोबाइल पर कॉल संभव नहीं होती है. उस दौरान अमन ने बताया था कि बाजार में छह से लेकर 25 हजार रुपये तक के छोटे मोबाइल जैमर मौजूद हैं, जिनकी रेंज दस से लगभग 100 मीटर तक की होती है ये आकार में बहुत छोटे होते हैं, जिन्हें आसानी से अपने साथ ले जाया जा सकता है। बाजार में मिलने वाले छोटे जैमर का वजन भी एक किलोग्राम से कम होता है। जैमर की वजह से पुलिस टेक्निकल सर्विलांस के जरिए भी अमन साहू के मौजूदगी का पता नहीं लगा पाती थी।

वहीं, अगर कोई देख भी लेता था तो मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण तत्काल पुलिस को कॉल नहीं कर पाता था।अमन साहू जब तक जिंदा रह उसने मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया। वह जानता था कि मोबाइल से पुलिस उसका लोकेशन आसानी से पता कर लेगी। इसलिए वह सिर्फ वाईफाइ के जरिये जंगी जैसे एप का इस्तेमाल चलाता था। अमन ने अपनी आपराधिक गतिविधियों की शुरुआत के बाद, धीरे-धीरे अपनी गैंग बनाई और झारखंड, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में सक्रिय हो गया. उनकी गैंग का नेटवर्क धनबाद, रांची, रामगढ़, चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, बोकारो जैसे झारखंड के कई जिलों में फैला हुआ था। वे कोल माइनिंग कंपनियों, कोयला व्यवसायियों और ट्रांसपोर्ट फील्ड के व्यापारियों को रंगदारी के लिए निशाना बनाता था। अमन साहू को पहली बार 2019 में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 29 सितंबर 2019 को वह पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गया. तीन साल बाद, जुलाई 2022 में उसे फिर से गिरफ्तार किया गया और दुमका जेल में बंद किया गया।

जुलाई 2024 में, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसके कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों का दायरा और साफ हुआ। कुख्यात अमन साहू बड़कागांव थाना से सितंबर 2019 की रात पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी बर्खास्त तक होना पड़ा था। अमन साहू पर रांची में रंगदारी और अपराध की योजना बनाने से संबंधित मामले दर्ज हैं। जबकि राज्यभर के अलग-अलग थानों में 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। अमन साहू को धनबाद, रांची, रामगढ़, पलामू हजारीबाग, चतरा और लातेहार जिले की पुलिस के लिए चुनौती था। हजारीबाग के उरीमारी, बड़कागांव, डाड़ीकला, गिद्दी, केरेडारी थाना क्षेत्र, चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र, लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र में कार्यरत कोयला कंपनियों, ट्रांसपोर्टरो, एवं उद्यमियों से लेवी की मांग करता था। लेवी नही देने पर देने पर जान से मारने की धमकी के साथ साथ वाहनों को जलाने की धमकी देता था।
अपराध की दुनिया में कम उम्र में कदम रखने वाले अमन साव का चैप्टर क्लोज


अपराध की दुनिया में कम उम्र में बादशाहत कायम करने का शौक पालने वाले कुख्यात अपराधी अमन साव मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ की भेंट चढ़ गया। पलामू पुलिस के अनुसार अमन साव को सुबह करीब 09.30 बजे आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस ) सेंट्रल जेल रायपुर से एनआईए कोर्ट रांची में पेशी के लिए सेंट्रल जेल होटवार ला रही थी।
इसी दौरान पलामू के चैनपुर थाना और रामगढ़ थाना की सीमा पर चैनपुर अंधारी ढोढा घाटी में जंगल का फायदा उठाते हुए अमन साव के गुर्गों ने अमन साव को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने का प्रयास किया। गुर्गों ने इस दौरान पुलिस पर बम फेकते हुए फायरिंग की। इसी बीच अफरा तफरी का फायदा उठाते हुए अमन साव एक जवान का हथियार छिन कर गाड़ी से उतर कर फायरिंग करते हुए भागने लगा। इसी क्रम में एक जवान के जांघ में गोली लगी, जिसका इलाज नजदीकी अस्पताल में कराया जा रहा है।
इसके बाद एटीएस की स्कॉर्ट पार्टी ने आत्मरक्षा में जबाबी कार्रवाई की , जिसमें अमन साव मारा गया। पुलिस के अनुसार अमन के शव के पास खोखा एवं जिन्दा कारतूस, जिन्दा बम एवं फटे बम का अवशेष पड़ा हुआ पाया गया है।
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित कर सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष जांचकर्ता सह पुलिस निरीक्षक सुरेश राम को सौपा गया है।

————————————————————
अमन लॉरेंस को करता था गुर्गों की सप्लाई
हत्या, रंगदारी, अपहरण और लूटपाट को अंजाम देने वाले अमन साव का लॉरेंस विश्नोई को गुर्गों की सप्लाई करता था और बदले में लॉरेंस उसे स्वचालित हथियार उपलब्ध कराता था। 150 से अधिक मामलों में अमन साव आरोपित था।

————————————————————
तीन राज्यों में था अमन का साम्राज्य
झारखंड का कुख्यात अमन का झारखंड ही नहीं छत्तीसगढ और ओड़िशा तक फैला साम्राज्य फैला हुआ था। अमन का गैंग छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय था। उस पर छत्तीसगढ़ में भी कई मामले दर्ज थे।
————————————————————
अमन साव के घर पर मातम का माहौल

झारखंड एटीएस के साथ हुए एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात अपराधी अमन साव के घर पर मातम का माहौल है। रांची के बुढ़मू स्थित अमन के घर पर परिजन सदमे में हैं। अमन साहू के गांव मतवे में सन्नाटा पसरा हुआ है। अमन साव के एनकाउंटर में मारे जाने की सूचना परिजनों को मंगलवार सुबह दस बजे मिली। इसके बाद घर में परिजनों का विलाप शुरू हो गया। अमन के परिवार वालों के रोने की आवाज सुन कर ग्रामीणों को भी यह जानकारी मिली कि अमन पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर में मारा गया है।
अमन की मां अपने बेटे की मौत की खबर सुन कर बेसुध सी हो गई, जिसे रिश्तेदारों और गांव की अन्य महिलाओं ने संभाला। बेटे की मौत की खबर सुनकर अमन के पिता निरंजन साव और मां स्तब्ध थे। अमन के पिता का गांव में ही एक किराने की दुकान है। अमन के मारे जाने को लेकर उसके परिजनों ने किसी भी तरह की कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अमन का बचपन रामगढ़ के पतरातू में बीता था। सालों पहले अमन का परिवार रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित गांव मतवे में आकर बस गया। अमन का एक भाई नौकरी करता है जबकि दूसरा भाई आकाश साहू टेरर फंडिंग मामले में जेल में बंद है।