रांची । रांची के मोराबादी मैदान स्थित फुटबॉल ग्राउंड में आगामी 24 से 26 अक्टूबर के बीच साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चैंपियनशिप का उद्घाटन 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे करेंगे। राज्य के खेल निदेशक शेखर जमुआर ने रविवार को रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि चैंपियनशिप देखने के लिए लोगों का प्रवेश नि: शुल्क रखा गया है। उन्होंने उन्होंने बताया कि भारत समेत दक्षिण एशिया के 6 देश इस चैंपियनशिप का हिस्सा बनेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस चैंपियनशिप में 300 एथलीट और डेढ़ सौ टेक्निकल ऑफीसर शामिल होंगे। इसके अलावा कई गणमान्य लोग भी इस चैंपियनशिप का हिस्सा बनेंगे। खेल निदेशक ने बताया कि चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन पुलिस रांची नगर निगम और खेल विभाग समेत अन्य विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाई लेवल कमिटी लगातार मॉनीटरिंग कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सब कमेटी भी बनाई गई है। मोराबाड़ी ग्राउंड में खिलाडिय़ों, मीडिया पर्सन, टेक्निकल टीम और वीआईपी समेत अन्य विशिष्ट लोगों के लिए पवेलियन बनाए गए हैं। खेल निदेशक ने कहा कि पूरे कार्यक्रम के दौरान साफ सफाई पर विशेष जोर दिया गया है। इस मौके पर खेल निदेशक शेखर जमुआर और खेल पदाधिकारी ने चैंपियनशिप के मस्कट के साथ ग्राउंड का भ्रमण किया। स्मोक पर मस्कट ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।




