रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की। उन्होंने रांची में झामुमो केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक में कहा कि झामुमो संघर्ष से उपजी पार्टी है। यही कारण है कि हमने हमेशा हक-अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी है। लड़कर जीत हासिल की है और कभी हार नहीं मानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में आप सभी कर्मठ नेताओं और जुझारू कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के साथ करोड़ों राज्यवासियों के आशीर्वाद से झारखंड में मजबूत अबुआ सरकार का गठन हुआ। आप सभी को इसके लिए हार्दिक बधाई और जोहार। आने वाले समय में हमें झामुमो परिवार की जड़ों को राज्य के प्रत्येक कोने में पंहुचाकर मजबूत करने का काम करना है। वंचित और शोषित सहित समाज के सभी वर्गों को हक-अधिकार देने का काम करना है।






