रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य का हर गरीब और पिछड़ों का कल्याण करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनके इसी तरह के संकल्पों के कारण सत्ता फिर उन्हें मिली है। मुख्यमंत्री ने यह बातें गुरुवार को बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर हुए वाद-विवाद के बाद विपक्ष के सवालों के जवाब में कही। मुख्यंमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जाति और धर्म से उपर उठकर काम कर रही है। हमारी विशेष नजर राज्य के कमजोर वर्गों पर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद राज्य को ऐसी कीचड़ में धकेल दिया दिया गया कि उसे निकालने में उनकी सरकार को पसीने छूट गए। उन्होंंने कहा कि सरकार का कोई भी सही फैसले को विपक्ष सराहना नहीं करता, बल्कि विपक्ष का काम केवल कटाक्ष करना रह गया है। मुख्यमंत्री ने गढ़वा के विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि रिम्स में इलाज के लिए मरीज सीधा दूसरे जिलों से आ सकते हैं। उन्हें बीच में दूसरे सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए नहीं रोका जाता है। ऐसा कोई सरकारी आदेश नहीं है। यदि किसी ने इस तरह का आदेश जारी किया है तो उसपर सरकार जरूर कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस मुहैया करानेवाला झारखंड देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि रिम्स को लेकर आये दिन खबरें मिलती रहती हैं। यह स्थिति यहां मरीजों की अत्यधिक भीड़ के कारण पैदा होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आनेवाले पांच वर्षों में रिम्स का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लोड को कम करने के लिए रांची में एक और मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की यह शुरूआत है। विपक्ष को अभी बहुत फील्डिंग करनी है। सरकार विपक्ष के हर बॉल पर छक्का मारेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के लिए केंद्र सरकार अकेले गुजरात को कुल राशि का 30 प्रतिशत पैसा देती है, जबकि झारखंड को महज 20-30 करोड़ ही मिलते हैं, जबकि यहां के खिलाड़ी हमेशा मेडल प्राप्तं करते रहते हैं। भाजपा विधायक सीपी सिंह की ओर से बालू नहीं मिलने के सवाल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जवाब देते हुए आरोप को निराधार बताया। इसपर विपक्ष नाराज हो गया और नारेबाजी करते हुए बेल में पहुंचा गया और वॉकआउट कर गया। इसपर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को जवाब देने के लिए वे पूरी तैयारी कर के आए थे, लेकिन सदन में विपक्ष मौजूद नहीं है।

——————————————
झारखंड विधानसभा में 5508 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट पेश
रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने 5508 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया। इससे पहले, उन्होंने आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट और वित्त लेखे भी सदन में प्रस्तुत किए।
सदन में पेश तृतीय अनुपूरक बजट में सबसे ज्यादा ऊर्जा विभाग को 971.80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह से कृषि पशुपालन एवं सहकारिता (कृषि) को 176.48 लाख रुपये, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (पशुपालन प्रभाग) को 241.34 लाख रुपये, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग को 612.62 लाख रुपये, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को 180.75 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त विभाग को 10471.61 लाख रुपये, पेंशन मद में 50,000 लाख रुपये, वाणिज्य कर विभाग को 50 लाख रुपये, खाद्य एवं जन वितरण एवं उपभोक्ता मामले को 74 लाख रुपये, वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को 16137.95 लाख रुपये, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग को 14289.39 लाख रुपये, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को 150 लाख रुपये उद्योग विभाग के लिए 274.54 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इस अनुपूरक बजट में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग सेकेंडरी शिक्षा विभाग को 18850.43 लाख रुपये एवं प्राथमिक एवं बजट शिक्षा प्रभार को 39293.50 लाख रुपये , महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को 26668.69 लाख रुपये और ग्रामीण कार्य विभाग को 87329 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
——————————————
सदन में मॉब लिंचिंग बिल और ऊर्दू, अरबी, फारसी यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग उठी
रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को सदन में विधायक प्रदीप यादव ने मॉब लिंचिंग बिल को सदन में फिर से रखने और ऊर्दू, अरबी व फारसी यूनिवर्सिटी की स्थापना करने की मांग उठाई। इस पर मंत्री हफीजुल अंसारी ने कहा कि सरकार शेख भिखारी के नाम से अरबी-फारसी यूनिवर्सिटी की स्थापना पर विचार कर रही है। जल्द ही मदरसा बोर्ड का भी गठन किया जाएगा।
अल्पसंख्यों के एमएसडीपी योजना के तहत पांच साल तक एक भी योजना नहीं लेने के सवाल पर मंत्री हफीजुल ने कहा कि कोरोना और राजनीतिक अस्थिरता के दौर के कारण इसकी बैठक नहीं हो पाई। 3 मार्च को इसकी बैठक होगी। आमिल-फाजिल को रांची यूनिवर्सिटी से जोड़ने का काम किया जा रहा है। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में 20 हजार से भी अधिक बुनकर हैं, इन्हें भी आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। गरीब मुस्लिम को भी पट्टा मिलना चाहिए। इस पर मंत्री हफीजुल ने कहा कि अल्पसंख्यक का मतलब सिर्फ मुस्लिम ही नहीं होता। भूमिहीन, दिव्यांग, शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों को भी पट्टा मिलता है। प्रदीप यादव ने कहा कि मदरसा के 4400 पदों में 3712 पद खाली हैं। टेट पास ऊर्दू शिक्षकों की बहाली होनी चाहिए।
——————————————
जयराम महतो ने बिजली के जर्जर तारों का मामला उठाया
रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को विधायक जयराम महतो ने बिजली आर्पूित की बदहाली और जर्जर तारों का मुद्दा उठाया। उनके इस सवाल का मंत्री योगेन्द्र सिंह ने जवाब दिया।
सदन में विधायक महतो ने बिजली विभाग के कारनामों पर सवाल उठाते हुए कहा कि फरवरी-मार्च के महीने में सभी विभाग वसूली करते हैं क्या। बिजली विभाग ने 40 हजार रुपये का जुर्माना किया है। पूरे राज्य में पुराने जर्जर तार को कब बदला जाएगा। ट्रांसफरमर जलने पर विधायकों को अनुशंसा करनी पड़ती है।
विधायक महतो के इन सवालाें का प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रताप ने जवाब दिया। मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मर और तार बदलने के लिए विधायकों की अनुशंसा की जरूरत नहीं है। टोलफ्री नंबर, व्हाट्सएप नंबर और बिजली वितरण निगम के वेबसाइट पर इसकी सूचना दे सकते हैं। उन्हाेंने बताया कि आरडीएसएस स्कीम के तहत 439.102 सर्किट किलोमीटर तार बदला गया है। समय-समय पर पुराने तार भी बदले जा रहे हैं। विधायक मनोज कुमार यादव ने चंदवारा प्रखंड के खांडी, कोटवाडीह, जामुखांडी और उरांवा में सिंचाई सुविधा की मांग की। इस पर मंत्री हफीजुल ने कहा कि जल्द ही इस क्षेत्र का निरीक्षण किया जाएगा।
——————————————





