जामताड़ा : स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने स्वीकार किया है कि जामताड़ा में चौकीदार बहाली में धांधली हुई है। इसको लेकर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से बात करने की जानकारी दी और कहा कि युवाओं की योग्यता से खिलवाड़ नहीं होने देंगे, नियम संगत ही पूरी होगी नियुक्ति की प्रक्रिया। शुक्रवार को सदर प्रखंड के मिहिजाम थाना अंतर्गत आदिवासी गांव कीनूडीह से चंद्रदीपा तक बनने वाली एक बहु प्रतिक्षित सड़क का शिलान्यास करने के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने कहा कि चौकीदार बहाली को लेकर नियुक्ति की जो प्रक्रिया अभी तक हुई है, उसमें गड़बड़ी की जानकारी मुझे भी मिल रही है और इसे मैंने संज्ञान में भी लिया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री से बात करेंगे और हमारा प्रयास होगा कि हम इस नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारें और हम अपने यहां के बेरोजगार युवाओं को ठगने से बचाएं ।
उन्होंने कहा कि जिस भी एजेंसी ने कार्य में गड़बड़ी पैदा की है उसकी जांच की जाएगी। मुझे पता चला है कि बाहरी अभ्यर्थियों को 50 में 50 मार्क्स दिए गए हैं और स्थानीय युवाओं को दरकिनार किया गया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि स्थानीय युवाओं के साथ किसी भी तरह का धोखा नहीं होगा। उन्हें उनकी योग्यता के आधार पर काम जरुर मिलेगा। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चुनाव के समय इस गांव के लोगों से मैंने वादा किया था कि आपकी कच्ची सड़क को पक्का बनवाऊंगा और वही वादा पूरा करने के लिए मैं आज कीनूडीह आया हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा का नारा है सबका साथ सबका विकास, लेकिन मेरा वादा है सबका साथ सबका विकास और जो मैं लगातार करता जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी विकास के नाम पर कोई भेदभाव नहीं होगा। इस मौके पर इरशादुल हक अर्शी, ताहिर अंसारी, निशापती हांसदा, सहित अनेक ग्रामीण महिला पुरुष उपस्थित थे।





