रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन बुधवार को गोड्डा में अडाणी पावर प्लांट के लिए दी गई जमीन को लेकर सदन में जोरदार बहस हुई। सरकार ने इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया। मंत्री दीपक बिरूआ ने कहा कि एसपीटी अधिनियम के तहत जमीन बिक्री योग्य नहीं है। इस मामले की जांच के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की जाएगी, जो एसपीटी और एनर्जी पॉलिसी के उल्लंघन की समीक्षा करेगी।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल ने कहा कि इसकी जांच के लिए कमिश्नर की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें उपसमाहर्ता रैंक के अफसरों को शामिल किया गया है। कमेटी में कानून के जानकार के साथ जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाना चाहिए।
इस पर कांग्रेस के विधायक प्रदीप यादव ने तंज कसते हुए कहा कि हम समझे थे कि कुर्ता बदल गया तो कहीं टोन भी बदल गया होगा, लेकिन आपका टोन नहीं बदला। प्रदीप यादव ने सरकार से पूछा कि क्या भू अर्जन में शर्तों का उल्लंघन हुआ है। क्या अडाणी को लाभ पहुंचाया गया है। एसपीटी का उल्लंघन हुआ है। या एनर्जी पॉलिसी का उल्लंघन हुआ है। इस पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रदीप यादव ने रघुवर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोड्डा जिला एवं पौडैयाहाट अंचल में अडाणी पावर लिमिटेड झारखंड द्वारा वर्ष 2017-2018 में स्थापित किया गया। तत्कालीन राज्य सरकार एवं अधीनस्थ पदाधिकारियों ने कंपनी के प्रभाव में आकर भूमि अधिग्रहण कानून-2013 और अन्य कानूनी प्रावधानों काे दरकिनार किया। उन्होंने दावा किया कि जमीन की कीमत रातों-रात 46 लाख रुपये प्रति एकड़ से घटाकर पहले 3.25 लाख रुपये और फिर 12.5 लाख रुपये प्रति एकड़ कर दी गई।
विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि झारखंड राज्य ऊर्जा नीति-2012 के शर्त थी कि “राज्य के पावर प्लांट को 25 प्रतिशत बिजली में प्राथमिकता से राज्य को देना अनिवार्य है” को दरकिनार कर पूरी बिजली बांग्लादेश को देने का एकरारनामा किया गया।
एसपीटी एक्ट के प्रावधान के प्रतिकूल निजी कंपनी को जमीन अधिग्रहित कर दिया गया। जबकि एसपीटी पब्लिक परपरस के लिए जमीन अधिग्रहण की अनुमति देती है।
विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि कंपनी जिला प्रशासन एवं रैयतों के बीच हुए एग्रीमेंट के मुताबिक, स्थानीय लोगों के प्रशिक्षित कर अडाणी पावर लिमिटेड में नौकरी देना था। अस्पताल एवं स्कूल की सुविधा भी देना था, लेकिन इसका भी अनुपालन नहीं किया गया।
प्रदीप यादव ने कहा कि वन-भूमि का अधिग्रहण कर, गोचर एवं श्मसान घाट की जमीन अधिग्रहन कर संयत्र को स्थापित किया गया, लेकिन आज तक बदले में न तो उस क्षेत्र को वन-भूमि, गोचर एवं श्मसान घाट के जमीन का मिलना एसपीटी के प्रावधानों के विपरीत काम किया गया।
उन्होंने कहा कि ग्राम माली-गंगटा जाने वाली पक्की सड़क एवं सिंचाई नहर की जमीन बिना समुचित मुआवजे एवं बिना सड़क निर्माण एवं नहर निर्माण का देना कई ऐसे कामों एवं निर्णयों का तत्कालीन सरकार एवं स्थानीय सरकार यानी जिला प्रशासन द्वारा लिया गया है जो राज्य के प्रावधानित कानूनों के प्रतिकूल है। सरकार उच्चस्तरीय टीम बनाकर इसकी समीक्षा कर दोषियों पर समुचित दंडात्मक कार्रवाई करे।
———————————————–

झारखंड विधानसभा में अवैध निकासी पर हंगामा, चार पदाधिकारी सस्पेंड
रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 13वें दिन बुधवार को पेयजल विभाग में हुई अवैध निकासी को लेकर सत्ता पक्ष ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने सरकार के जवाब पर नाराजगी जताते हुए कहा, “खोदा पहाड़, निकली चुहिया!” उन्होंने प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रताप को चेताते हुए कहा कि सिर्फ जोर से बोलने से भ्रष्टाचार पर पर्दा नहीं डाला जा सकता। विवाद के केंद्र में उच्च वर्गीय लिपिक संतोष कुमार हैं, जो 15 वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थापित थे। संतोष ने अपने 27 पन्नों के स्पष्टीकरण में अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक प्रदीप यादव ने मांग की कि वित्त विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
———————————————————
वित्त विभाग के चार पदाधिकारियों को किया गया सस्पेंड : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामले पर जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। अवैध निकासी मामले में कोई पदाधिकारी बख्से नहीं जाएंगे। संतोष कुमार पर दो करोड़ 71 लाख अवैध निकासी का केस दर्ज हुआ है। वित्त विभाग के अंतरविभागीय सात सदस्यीय कमेटी की अनुशंसा के आलोक में वित्त विभाग के चार पदाधिकारी मनोज सिन्हा, सुनील सिन्हा, मनोज सिन्हा और मीरा कुमारी गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया है।
————————————————————————————-
सीआइडी और एसीबी जांच की अनुशंसा की थीः योगेंद्र

प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रताप ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने इस मामले में एसीबी और सीआइडी जांच की अनुशंसा की थी।
इस पर विधायक और पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि मैं 28 साल पुलिस विभाग में रहा। बिहार में सीआइडी का चीफ तीन साल रहा। सीआइडी का नाम भी है बदनाम भी। एक केस में फंसा दो, दूसरा धंसा दो और तीसरा दूध का दूध और पानी का पानी कर दो। निर्भर करता है कि इरादे क्या है और करना क्या चाहते हैं। प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रताप ने कहा कि संतोष कुमार, उच्च वर्गीय लिपिक को निलंबित करते हुए उसके विरुद्ध रांची सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। खाते को फ्रिज कराया जा चुका है और नीलाम पत्र दायर किया जा चुका है। वर्तमान में संतोष कुमार हिरासत में हैं। प्रभात कुमार सिंह, तत्कालीन कार्यपालक अभियंता, चन्द्रशेखर, कार्यपालक अभियंता, राधेश्याम रवि, तत्कालीन कार्यपालक अभियंता और संजय कुमार, निम्नवर्गीय लिपिक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही संचालित की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच एसीबी से कराने के लिए मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (निगरानी) से अनुरोध किया गया है। महालेखाकार झारखंड को विशेष अंकेक्षण के लिए अनुरोध किया गया है।





