गिरिडीह । झुंड से बिछड़कर क्षेत्र में भटक रहे हाथी ने जमकर कहर बरपाया। इस बार झुंड से अलग हुए हाथी ने एक बुजुर्ग दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी बुरी तरह से घायल हो गईं।
घटना पीरटांड थाना क्षेत्र के मंडरडीह में हुई। मृतक स्थानीय निवासी मंगरा मांझी (70 ) थे, जबकि घायल महिला का नाम बड़की देवी (65) है। बड़की देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना मंगलवार की रात की है। मृतक के नाती मनीष सोरेन ने बताया कि रात में जब वे घर लौटे, तो उन्हें पता चला कि हाथी ने उनके नाना मंगरा मांझी और नानी बड़की देवी को कुचल दिया है। वे दोनों को किसी तरह सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनके नाना को मृत घोषित कर दिया, जबकि नानी का इलाज जारी है।
मनीष सोरेन ने बताया कि उनके नाना को आंख से कम दिखाई देता था। रात में जब उन्हें शौच की आवश्यकता हुई, तो नानी बड़की देवी उन्हें शौच कराने ले गईं। तभी हाथी आ गया और दोनों को कुचल दिया।
हाथियों की संख्या के बारे में मनीष का कहना है कि वे 5-6 थे। वहीं प्रशासन का दावा है कि जिस हाथी ने दंपती को कुचला, वह अकेला है और झुंड से बिछड़ा हुआ है। पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि झुंड से बिछड़ा हाथी क्षेत्र में विचरण कर रहा है और उसी ने इस घटना को अंजाम दिया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


