जामताड़ा : साइबर अपराध के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साईबर अपराध थाना के पुनि जयन्त तिर्की के नेतृत्व में पुअनि प्रशांत कुमार, पुअनि बिनोद सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी को शामिल करते हुए जामताड़ा थानान्तर्गत ग्राम पाण्डेडीह एवं नारायणपुर थानान्तर्गत मदनाडीह में साईबर अपराधियों के विरूद्व छापामारी कर साईबर अपराध करते हुए चार साईबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें बाबुचाँद दास, निताई दास दोनों ग्राम पाण्डेडीह थाना जामताड़ा, बिक्रम रक्षित, सपन रक्षित दोनों ग्राम मदनाडीह थाना नारायणपुर का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से मोबाईल, फर्जी सिमकार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, पासबुक बरामद किया गया है। इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साईबर अपराध थाना कांड संख्या 73/24 दर्ज कर जेल भेजा गया है।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया गया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से 16 मोबाईल, 18 फर्जी सिमकार्ड, 1 एटीएम कार्ड, 5 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 03 वोटर कार्ड तथा 2 पासबुक बरामद किया है। बताया कि ये अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करके केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से सोलह अंक का एटीएम नंबर,सीवीवी नंबर एवं ओटीपी प्राप्त कर विभिन्न ई-वॉलेट एवं फर्जी बैंक खातों के माध्यम से अपने खातों में पैसा ट्रांसफर कर साईबर ठगी करते थे। साथ हीं बंधन बैंक का फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करके केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर खाता धारक का यूजर आईडी बनाकर फिर ओटीपी लेकर साईबर ठगी करते थे। इनमें से प्राथमिकी अभियुक्त सपन रक्षित का पुराना अपराधिक इतिहास है। पूर्व में नारायणपुर थाना कांड संख्या 222/17 में आरोप पत्रित है। इन अपराधियों का कार्यक्षेत्र मूलत: पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश है।



