मधुपुर संताल एक्सप्रेस:- करौ प्रखंड संसाधन केंद्र में झारखंड शिक्षा परियोजना रांची के निर्देशानुसार एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड विद्यालय नेतृत्व अकादमी का गठन करना था, ताकि विद्यालयों की मॉनिटरिंग कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।बैठक में प्रखंड के अंतर्गत आने वाले पांच उच्च विद्यालयों के शिक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इसमें बसकूपी उत्क्रमित उच्च विद्यालय की प्रभारी इंदु कुमारी, करौ रानी मंदाकिनी उच्च विद्यालय के प्रभारी उदय शंकर पाठक, अश्विनी कुमार, और दिनेश राय को शामिल किया गया। हालांकि, प्रखंड साधन सेवी का पद रिक्त होने के कारण कमेटी में केवल चार सदस्य ही नियुक्त किए गए।प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तिवारी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा, “सभी शिक्षक विद्यालय अवधि सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक किसी भी सूरत में विद्यालय नहीं छोड़ेंगे। इस दौरान शिक्षकों को पठन-पाठन का कार्य पूरी निष्ठा से करना होगा। बिना कार्य के प्रखंड मुख्यालय आना सख्त मना है,और कोताही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”उन्होंने आगे कहा कि गठित टीम उन विद्यालयों का दौरा करेगी, जहां शिक्षा व्यवस्था लचर है, और सुधार लाने का कार्य करेगी।इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप कुमार मोदी ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा, “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा लाने के लिए सभी शिक्षकों को सजग रहना होगा। नियमित रूप से समय पर विद्यालय पहुंचें, तभी प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिलेगा।”
यह बैठक प्रखंड के शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।




