गोड्डा : सुंदरपहाड़ी प्रखंड में स्कूलों की अद्यतन स्थिति को लेकर मंगलवार को उपायुक्त के निर्देश पर जांच टीम का गठन किया गया। टीम में जिला स्तर के कई पदाधिकारी शामिल थे। वहीं पूरे दिन उपायुक्त के निर्देश पर बनी टीम ने जांच पड़ताल किया। जानकारी के अनुसार कुल 19 पदाधिकारियों को एक साथ पूरे ब्लॉक के 153 स्कूलों की जांच पड़ताल में लगाया गया था। इस दौरान सुंदर पहाड़ी कस्तूरबा का भी निरीक्षण किया गया। जांच रिपोर्ट का संकलन का जिम्मा डीओ व डीएसई आदि को भी दिया गया है बताते चलें कि सुंदरपहाड़ी प्रखंड जिले का सुदूरवर्ती व आदिवासी व पहाडिया बहुल प्रखंड है। वहीं उपायुक्त को इस बात की शिकायत मिल रही थी कि वहां कई शिक्षक स्कूलों में कई-कई दिनों तक नहीं जाते हैं, बीच-बीच में जाकर केवल हाजिरी बना लेते हैं। उपायुक्त को यह भी शिकायत मिल रही थी कि कई शिक्षक शिक्षण कार्य छोड़कर गैर शैक्षणिक कार्य व ठेकेदारी आदि में भी व्यस्त रहते हैं। स्कूल में पठन-पाठन के लिए बेरोजगार युवकों को शिक्षण कार्य में लगा चुके हैं और कुछ लोग केवल क्षेत्र में नेतागिरी कर रहे हैं। इन शिकायतों के बाद उपायुक्त के द्वारा जांच टीम का गठन कर सभी विद्यालयों में सघन रूप से जांच- पड़ताल करायी गयी। जांच रिपोर्ट आने के बाद कई मामलों का खुलासा होगा। दोषी पाये जाने पर कार्रवाई होना तय है। डीसी किसी भी कीमत पर गड़बड़ी बर्दास्त करने के मूड में है।



