जामताड़ा : दशहरा के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने से पुलिस प्रशासन के द्वारा लगाई गई नो एंट्री पूजा के बाद भी जारी रहने से टोटो और ऑटो चालकों की परेशानी काफी बढ़ गई थी। अभी आलम यह है कि इन सवारी वाहनों को पुराने कोर्ट मोड़ से आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा था। शहर के मुख्य हिस्सों में जाने के लिए टावर चौक आना अनिवार्य है और यही एकमात्र शहर का रास्ता भी है। सवारी को जहां 1 किलोमीटर की दूरी पर गंतव्य मिल जाता था वह अभी चार गुना ज्यादा लंबा हो गया। सवारी वाहन चालकों की परेशानी बढ़ी, किराया भी बढ़ा और लोगों को समय भी ज्यादा देना पड़ रहा है, जिसके चलते इन सवारी वाहनों की मांग भी काफी कम हो गई थी। शहर में मुख्यतः किसी भी मौके पर स्टेशन रोड से कोर्ट तक वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाता था। इस साल यह नई व्यवस्था लागू की गई जो परेशानी का मुख्य कारण बना। इस समस्या से परेशान टोटो और ऑटो चालकों ने मंगलवार सुबह अपने वाहनों के साथ स्थानीय विधायक सह मंत्री डॉ इरफान अंसारी के आवास के समक्ष जाम लगा दिया। इनका कहना है कि जब टोटो, ऑटो चला ही नहीं सकते हैं तो फिर सड़क पर बेवजह घूम कर क्या करें। ऑटो चालकों ने कहा कि जब तक इस बात का फैसला नहीं हो जाता है हम लोग मंत्री आवास पर ही रहेंगे। चुकी मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी अभी जामताड़ा में उपलब्ध नहीं है फिर भी उन तक सूचना पहुंचा दी गई है और पता चला है कि शाम तक उनके प्रतिनिधि इस संदर्भ में चालकों से बात करेंगे और समस्या का समाधान किया जाएगा। इन चालकों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर ज्यादा दिखाई दिया। इनका कहना है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में मनमानी कर रही है तथा ट्रैफिक में लगाए गए पुलिस के जवान टोटो चालकों से गलत व्यवहार कर रहे हैं। मंत्री आवास पर प्रदर्शन के दौरान चालकों ने जमकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में टोटो और ऑटो चालकों का यह दल अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार के पास पहुंचे। इन लोगों की समस्या सुनने के उपरांत एसडीएम ने तत्काल नो एंट्री हटाने का निर्देश दिया साथ ही उन्होंने सभी चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए और आम लोगों की सुविधाओं को देखते हुए गाड़ी चलाने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर बेवजह कहीं भी गाड़ी खड़ी करके ना रखें। नो एंट्री खत्म होने के बाद टोटो और ऑटो का परिचालक आरंभ हुआ।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


