पटना । पटना से बांद्रा जा रही पटना-बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे के नीचे अचानक आग लगी। घटना के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दानापुर-दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेलखंड के पास यह हादसा हुआ। फायर ब्रिगेड और रेलवे की टीम ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रात करीब 1:02 बजे जब ट्रेन टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी वहां मौजूद रेलवे कर्मियों ने देखा कि ट्रेन के जनरल बोगी के निचले हिस्से से आग की लपटें उठ रही थीं। उन्होंने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को डुमरांव स्टेशन पर रोक गया। अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि आग एलएचबी कोच (जनरल बोगी) के पहिए और एक्सल के बीच लगी थी। यह आग ज्यादा फैलने से पहले ही बुझा दी गई।
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया: घटना के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित डिब्बे से बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। इस घटना के कारण ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन तीन घंटे तक बाधित रहा। आग से प्रभावित बोगी को डुमरांव स्टेशन पर ही अलग कर दिया गया। बाकी ट्रेन को बांद्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता: रेलवे का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए रेलवे की सभी टीम हमेशा तैयार रहती है। इस हादसे में रेलवे कर्मियों की सतर्कता के कारण बड़ा नुकसान टल गया। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय किए गए।


