नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और ‘इंडिया’ ब्लॉक के अन्य सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों के मुताबिक, विपक्षी नेताओं के खिलाफ मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामला मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विपक्ष के प्रदर्शन से जुड़ा है। विपक्षी सांसद मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की भी मांग की थी।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी।
इसके बाद विपक्षी नेता सड़क पर बैठ गए और विरोध जारी रखा। इस दौरान राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी को पुलिस बैरिकेड पर चढ़ते हुए देखा गया। पुलिस के रोकने के बावजूद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य प्रदर्शनकारी स्वागत द्वार से आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसदों को आकाशवाणी भवन तथा नीति आयोग कार्यालय के पास संसद स्ट्रीट पर रोक दिया। बाद में राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और प्रियंका गांधी को परिसर के भीतर एक पेड़ के नीचे बैठे देखा गया। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों और पुलिस के बीच काफी देर तक गतिरोध बना रहा। पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि आकाशवाणी भवन परिसर में प्रदर्शन को रातभर जारी रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा गया था। पुलिस ने चेतावनी दी थी कि परिसर छोड़ने से इनकार करने वालों को हिरासत में लिया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और ‘इंडिया’ ब्लॉक के अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि, कुछ घंटे बाद सभी को रिहा कर दिया गया। अब विपक्षी नेताओं के खिलाफ शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले में प्रदर्शन के दौरान परिसर में प्रवेश और वहां विरोध प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है।


