संताल एक्सप्रेस संवाददाता

अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । प्रखंड के बासमती गांव स्थित राधागोविंद मंदिर परिसर में नौ से तेरह अप्रैल तक पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं अखंड चौबीस प्रहर नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया है। बुधवार को इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। आयोजन से उत्साहित सैकड़ों युवतियां और महिलाएं कलश यात्रा को लेकर सुबह ही राधा गोविंद मंदिर पहुंच गई थी। वहीं सुबह नौ बजे से युवतियां हाथ में कलश लेकर बासमती गांव का भ्रमण करते हुए से अमड़ापाड़ा दुर्गामंदिर घाट पहुंची। बाँसलोई नदी से विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ कलश में जल भरकर सभी ने संपूर्ण बाजार क्षेत्र एवं बासमती गांव का भ्रमण किया। इस दौरान सभी ने जय श्रीराम, जय श्री राधे, जय गोविंदा अन्य देवी-देवताओं के जयकारा लगाया। वहीं मधुर भक्तिमय संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भ्रमण के बाद आयोजन स्थल के अलग-अलग हिस्सों में 108 कलश को स्थापित किया गया। पांच दिनों तक चलने वाले सभी धार्मिक अनुष्ठानों को श्रीवृंदावन धाम से पधारे व्यास जी आचार्य गोविंद मुरारी सम्पन्न कराएंगे। कथावाचक सुश्री श्वेता भार्गव दीदी के मुख से श्रद्धालु प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर सकेंगे। कार्यक्रम के तहत दस अप्रैल से बारह अप्रैल तक प्रतिदिन दो सत्रों में भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। पहला सत्र शाम चार बजे से सात बजे तक बंगाली भाषा में तथा दूसरा सत्र रात सात बजे से ग्यारह बजे तक हिंदी भाषा में होगा। वहीं बारह अप्रैल की रात ग्यारह बजे से विशेष लीला कीर्तन रास का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि समापन अवसर पर तेरह अप्रैल, रविवार की सुबह नौ बजे से कुंजभवन लीला कार्यक्रम होगा, जिसके बाद दोपहर तीन बजे से भंडारे का आयोजन कर महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य गांव एवं क्षेत्र में धार्मिक चेतना का संचार करना है। राधा गोविंद मंदिर समिति बासमती द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूर-दराज़ से भी श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मौके पर साधन मुखर्जी, माधव मुखर्जी, शिवशंकर पंडित, मुकेश पंडित सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।





