नई दिल्ली । पाकिस्तान का कोई भी मंसूबा सफल नहीं हो पा रहा है। उसने छोटे ड्रोन से लेकर फतेह-2 मिसाइल तक का उपयोग कर लिया है लेकिन कहीं कोई कामयाबी नहीं मिली है।
पाकिस्तान ने शनिवार को दावा किया कि भारत ने उसके तीन प्रमुख वायुसेना अड्डों पर मिसाइल हमले किए हैं। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ ने बताया कि रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस, चकवाल के मुरिद एयरबेस और झंग के रफीकी एयरबेस को भारत द्वारा निशाना बनाया गया। इन हमलों के जवाब में पाकिस्तान ने फतह-2 मिसाइल से भारतीय ठिकानों पर हमले की कोशिश की, लेकिन उसे मार गिराया गया। इस मिसाइल को हरियाणा के सिरसा में सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर निष्क्रिय कर दिया गया।
पाकिस्तान द्वारा यह ताजा हमला ऐसे समय में हुआ जब एक दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तानी सेना द्वारा ड्रोन और मिसाइल के जरिए भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के प्रयासों को विफल कर दिया था। बता दें कि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए सटीक हमलों के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को लगातार दूसरी रात जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ड्रोन हमले किए तथा रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दुश्मन द्वारा हवाई अड्डों और एयरबेस सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर किए गए हमलों को विफल कर दिया गया।






