नई दिल्ली । कम पेट्रोल मिलने की शिकायतें आम हैं। इन्हे प्रशासन भी कई बार गंभीरता से नहीं लेता है। जब दबाव ज्यादा पड़ता है तो इक्का दुक्का पेट्रोल पंप की जांच होती है और कभी कभार मामूली सी दिखावे के लिए कार्रवाई हो जाती है। इनके इतने हौंसले बढ़े हुए है कि जीरो दिखाकर भी एक लीटर पर करीब 15 रुपए का पेट्रोल कथित तौर पर चोरी कर लेते हैं।
दरअसल जंप ट्रिक के लिए पेट्रोल पंप पर मशीनों को इस तरह से सेट किया जाता है कि मीटर शुरू होने के बाद आपको शून्य के बाद सीधे 5,10, 20, 40 रुपये की रीडिंग दिखने लगती है। एक सामान्य मशीन 0 से शुरू होने के बाद 4 या 5 रुपये के हिसाब से धीरे-धीरे बढ़ती है, लेकिन जंप ट्रिक में यह रीडिंग कहीं तेजी से भागने लगती है। अगर आप 100, 200 या 500 का पेट्रोल डलवाते हैं तो जंप ट्रिक के जरिये आपको तगड़ा चूना लगाया जा सकता है। इससे पैसे तो आप पूरे देंगे, लेकिन पेट्रोल कम मिलेगा। कई बार ऑपरेटर मशीन को जल्दी रोक देता है, ताकि ईंधन कम मिले और मीटर पर रीडिंग पूरी दिखे। जंप ट्रिक के जरिये चोरी का आंकड़ा इतना बड़ा होता है कि आपको 1 लीटर तेल के पीछे 10 से 15 रुपये का नुकसान हो सकता है।
एक अनुमान के आधार पर 1 लीटर पेट्रोल में जंप ट्रिक के जरिये 100 से 150 मिलीलीटर तेल की चोरी हो सकती है। अभी दिल्ली जैसे शहर में पेट्रोल की कीमत 95 रुपये प्रति लीटर है, इस लिहाज से जंप ट्रिक में महज 850 से 900 मिलीलीटर तक ही तेल मिलता है। इस तरह, 10 से 15 रुपये प्रति लीटर की चोरी हो सकती है। इस तरह, कोई व्यक्ति अगर 5 लीटर तेल डलवाता है तो उसे 50 से 70 रुपये तक नुकसान हो सकता है। आप भी कभी तेल भरवाते समय जंप ट्रिक के शिकार बने हैं। अगली बार जब तेल भरवाएं तो यह ध्यान रखें कि कहीं पंप ऑपरेटर जंप ट्रिक का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा। तेल भरवाते समय ध्यान रखें कि अगर मीटर रीडिंग 5 से 10 रुपये या 20 और 40 रुपये तक कूद जाता है तो निश्चित रूप से यह जंप ट्रिक का कमाल हो सकता है। जरा भी शक होने पर 5 लीटर वाले मापन ने इसे चेक जरूर करें। वैसे तो कितने पंप पर इसका इस्तेमाल होता है, इसका आंकड़ा तो नहीं है, लेकिन एक अनुमान के मुताबिक 5 से 10 फीसदी यानी करीब 4 से 8 हजार पेट्रोल पंप इस तरह की धोखाधड़ी वाली ट्रिक अपना रहे हैं।






