200 छात्र-छात्राएं उठा सकते हैं प्रतियोगिता परीक्षा का लाभ
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। जिला प्रशासन पाकुड़ एवं बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से सोमवार को पुराना प्रखंड परिसर पाकुड़ में एंडवेर अकादमी का शुभारंभ उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल के द्वारा किया गया।उपायुक्त ने कहा कि पाकुड़ में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सत्र 2024-25 कोचिंग का शुभारंभ किया गया है। एंडवेर अकादमी निःशुल्क कोचिंग संस्थान का उद्देश्य प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग प्रदान करना है, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभागियों को प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से रोजगार मुहैया कराया जा सके। उक्त अकादमी में 2024-25 प्रथम बैच के छात्र-छात्राओं के बीच मुफ्त में अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि अब आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान छात्र प्रतियोगी परीक्षा से वंचित नहीं रहेंगे। जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि प्रतिभान छात्र पाकुड़ जिले का नाम देशभर में रोशन करें। उपायुक्त ने कहा कि छात्र अपनी किसी भी प्रकार की दुविधा को बिना झिझक अपने शिक्षक से पूछकर दूर करें व ईमानदारी से तैयारी करें।मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री अनिता पूर्ति, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री मुकुल राज, जिला खेल पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, पचुवाड़ा नॉर्थ कोल माइंस के उप महाप्रबंधक वेनकटा नारायणा, पीआरओ संजय बेसरा समेत अन्य उपस्थित थे।





