भुवनेश्वर । ओडिशा में बिजली बिलों का बकाया लगभग 7,000 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है । इसमें घरेलू उपभोक्ता सबसे बड़े डिफॉल्टर के रूप में सामने आए हैं। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने बुधवार को विधानसभा में दी।

कांग्रेस विधायक राम चंद्र काडाम के प्रश्न के लिखित उत्तर में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कुल 6,956.93 करोड़ रुपये की बिजली बकाया राशि लंबित है। इसमें से 6,558 करोड़ रुपये केवल घरेलू उपभोक्ताओं पर बकाया है, जो कुल बकाये का 94 प्रतिशत से अधिक है।
औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं पर 398.93 करोड़ रुपये का बकाया है, जो तुलनात्मक रूप से कम हिस्सा है, लेकिन फिर भी महत्वपूर्ण राशि है।





