रांची । राज्य में आयुष्मान भारत योजना में अनियमितता की जांच के दौरान ईडी की छापेमारी खत्म होने के बाद कुल 18.50 लाख रुपये नगदी मिले हैं। वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के पीएस रहे ओमप्रकाश सिंह उर्फ गुड्डू के फ्लैट व जमीन के कई दस्तावेज ईडी को छापेमारी के दौरान मिले हैं। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार की देर रात तक चली छापेमारी के दौरान रांची में सदर अस्पताल में पोस्टेड जिला आयुष्मान समन्वयक आशीष रंजन के आवास से 16.50 लाख रुपये नगदी मिले हैं, जबकि ओमप्रकाश के यहां से 2 लाख मिले हैं। लेकिन बन्ना गुप्ता के पीएस रहे ओमप्रकाश के द्वारा बीते सालों में जमीन-फ्लैट में करोड़ों के निवेश के साक्ष्य मिले हैं। ईडी ने सभी संदिग्धों के मोबाइल फोन, लैपटॉप भी जब्त किए हैं। वहीं थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर (टीपीए) करने वाली कंपनियों एमडी इंडिया, सेफवे और मेडी एसीस्ट के दफ्तर से भी हार्ड डिस्क समेत अन्य दस्तावेज ईडी ने जब्त किए हैं।आयुष्मान भारत योजना में फर्जी तरीके से अस्पतालों को क्लेम देने के मामले में ईडी अबतक की जांच में दोषी पाए गए समन्वयकों, टीपीए कंपनियों, झारखंड राज्य आरोग्य योजना (जसास) के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों को समन देकर पूछताछ करेगी। ईडी सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही पूर्व मंत्री के पीएस ओमप्रकाश सिंह, जसास के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अभिषेक श्रीवास्वत, कार्डिनेटर वैभव राय, आशीष रंजन को एजेंसी समन देगी। इन सभी के मोबाइल फोन का डाटा रिट्रिव कराया जा सके, इसके लिए भी अलग से सभी को समन किया जाएगा। साथ ही उनके मोबाइल का डाटा भी एजेंसी साक्ष्य के तौर पर लेगी।फर्जी तरीके से करोड़ों के फर्जी क्लेम लेने के मामले में अस्पताल संचालकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ईडी को भेजी गई रिपोर्ट में भी 212 अस्पतालों के द्वारा फर्जी तरीके से क्लेम लेने की पुष्टि हुई है।आयुष्मान भारत के रांची जिला समन्वयक आशीष रंजन ने कहा है कि उनके आवास से बरामद 16.50 लाख रुपये का पूरा विवरण उन्होंने ईडी को उपलब्ध करा दिया है। आशीष ने कहा कि उनके चचेरे भाई का जनेऊ कार्यक्रम आठ अप्रैल को होना है। साथ ही 18 अप्रैल को उनकी शादी होनी है। ऐसे में दोनों मांगलिक कार्यक्रम में खरीदारी और जरूरी कार्य के लिए बैंक खातों से ये पैसे निकाले गए थे। आशीष ने कहा कि जिन बैंक खातों से पैसे निकाले गए हैं, उनका पूरा विवरण उन्होंने एजेंसी को भी उपलब्ध करा दिया है। आशीष ने कहा कि पूरी गड़बड़ी में उनकी कोई भूमिका नहीं है।






