संवेदनशील इलाकों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
देवघर। होली के मौके पर रंगों की खुशियां मनाने के दौरान पाथरोल थाना क्षेत्र के टेकरा गांव में एक अप्रिय घटना घटित हो गई। स्थानीय मस्जिद में रंग पड़ जाने से दो समुदायों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, प्रशासन की तत्परता और दोनों पक्षों की सूझबूझ के चलते मामला जल्द ही शांत हो गया। घटना होली के दिन की है, जब गांव में रंग-गुलाल उड़ाने के दौरान कुछ रंग मस्जिद की दीवारों पर पड़ गया। इसको लेकर स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ने लगा। देखते ही देखते मामला गरमाने लगा और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पाथरोल थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिया कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाएगा। मामले को लेकर सोमवार को पाथरोल थाना परिसर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीहरि उरांव ने की। इस बैठक में दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों को बुलाया गया ताकि आपसी सहमति से विवाद को सुलझाया जा सके। बैठक के दौरान दोनों समुदायों ने अपनी-अपनी बातें रखीं। अंततः प्रशासन की पहल पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया और उन्होंने भविष्य में ऐसे किसी भी विवाद से बचने और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।

संवेदनशील इलाकों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
बीडीओ श्रीहरि उरांव ने कहा कि टेकरा गांव को संवेदनशील क्षेत्र माना गया है और भविष्य में किसी भी विवाद से बचने के लिए मंदिर और मस्जिद में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, गांव में निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि असामाजिक तत्व किसी भी तरह की अप्रिय घटना को अंजाम न दे सकें।
दोनों पक्षों की ओर से 10-10 लोगों की समिति गठित
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने दोनों पक्षों के 10-10 प्रबुद्ध लोगों की एक समिति बनाई है। यह समिति किसी भी विवाद की स्थिति में स्थानीय स्तर पर सुलह करवाने में अहम भूमिका निभाएगी। इस बैठक में मधुपुर इंस्पेक्टर देवेश भगत, समाजसेवी गुलाम असरफ उर्फ राजू, पूर्व जिला परिषद सदस्य बलबीर राय, उप प्रमुख राजेश मंडल, सुखेंदु मंडल, जमुद्दीन अंसारी, मकसूद अंसारी, अकरम अंसारी, कुर्बान खान, अब्दुल सत्तर, बहाउद्दीन अंसारी, अदम सूफी, रोहित मंडल, विदेशी मंडल समेत कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे।





