महागामा संवाददाता : मुख्यालय के ऊर्जानगर में पिछले 32 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। इस संबंध में ऊर्जा नगर पूजा समिति के सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि 1992 से इसीएल प्रबंधन द्वारा ऊर्जानगर में वैष्णव पद्धति से दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। इस वर्ष दुर्गा पूजा को लेकर भव्य पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है। सप्तमी पूजा को प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित किया जाएगा। नवरात्र के अष्टमी, नवमी व दशमी पूजा को मेला परिसर में भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं एकादशी तिथि को प्रतिमा का विसर्जन ऊर्जानगर एनएचएस कॉलोनी के पोखर में किया जाएगा। सचिव प्रदीप सिंह ने बताया कि ऊर्जानगर के राजेंद्र स्टेडियम में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कृषि मंत्री दीपिका पांडे सिंह शामिल होंगी। पश्चिम बंगाल स्थित बोलपुर के कलाकारों द्वारा 25 फीट का भव्य रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। रावण दहन के दौरान भव्य आतिशबाजी का नजारा पेश किया जाएगा। मंदिर सहित पूरे मेला परिसर में 25 सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं। मेला के चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी। मेला में तारामांती, ब्रेक डांस, बच्चों के खिलौने, श्रृंगार सामग्री सहित सैकड़ों दुकानें सज गयी है। सभी दुकानों में अग्निशमन सेलेंडर रखने का निर्देश दिया गया है। मेले में शांति व्यवस्था को लेकर सुरक्षा बल के साथ थ पूजा कमेटी के वॉलेंटियर्स भी तैनात रहेंगे। दुर्गा पूजा को लेकर कमेटी की ओर से भव्य तैयारी जारी है। स्टेडियम में रावण दहन के दौरान पर्याप्त रोशनी व साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है। दुर्गा पूजा के आयोजन में कमेटी के सचिव प्रदीप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रविकांत सिंह, सह सचिव मनीष भगत, डोमन महतो, प्रदीप राय सहित सभी कमेटी के सदस्य जुटे हुए है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


