दुमका: झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 टूर्नामेंट में मेजबान दुमका टीम ने साहेबगंज को रोमांचक मुकाबले में 24 रनों से मात देकर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। बुधवार को यह मैच दुमका के ए टीम क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया, जहां सुबह 9 बजे से 50-50 ओवरों का खेल शुरू हुआ था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनने वाली दुमका टीम ने 36.2 ओवरों में सभी 10 विकेट गंवाकर 195 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से स्टार बल्लेबाज करण कुमार सिन्हा ने 64 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत नींव दी। साहिबगंज के गेंदबाजों में सचिन कुमार और पीयूष गुप्ता ने कमाल दिखाते हुए तीन-तीन विकेट झटके। जवाब में साहेबगंज की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए संघर्ष में फंस गई और 48.3 ओवरों में महज 171 रनों पर ढेर हो गई। दुमका के गेंदबाज विभु और आशुतोष ने घातक स्पेल फेंकते हुए तीन-तीन विकेट चटकाए, जिससे मैच दुमका के पक्ष में पलट गया।
इस जीत के हीरो करण कुमार सिन्हा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें जेएससीए द्वारा नियुक्त टीआरडीओ संतोष तिवारी और दुमका के अधिवक्ता सह पत्रकार कुमार प्रभात ने ट्रॉफी व 5000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया। मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शावार्न मनोज कुणाल ने जेएससीए से नियुक्त निर्णायकों राजेश्वर सिंह, संजय पांडे, टीआरडीओ संतोष तिवारी, एलओ प्रणय तिवारी, स्कोरर ज्ञान रंजन और उपस्थित खेलप्रेमियों का आभार जताया।
इसके अलावा, अंडर-16 वर्ग के बारे में जानकारी देते हुए सचिव शावार्न मनोज कुणाल ने बताया कि आज 12 खिलाड़ियों ने दस्तावेज जमा कर ऑनलाइन एंट्री कराई है। उन्होंने सभी इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की कि वे कल मूल दस्तावेजों के साथ संघ कार्यालय में पहुंचें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


