दुमका। नगर के ए टिम क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे दुमका प्रीमियर लीग में सोमवार को रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली। टूर्नामेंट के दो महत्वपूर्ण मुकाबलों में अशोका लायंस और दुमका चैलेंजर्स ने अपने विरोधियों को पछाड़कर जीत का परचम लहराया।
——–
पहले मुकाबले में अशोका लायंस का दबदबा
दिन का पहला मैच बासुकी-11 और अशोका लायंस के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बासुकी-11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमन सिंह ने 66 रनों की जुझारू पारी खेली। अशोका लायंस की तरफ से अमन कुमार ठाकुर और हर्ष सिन्हा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अशोका लायंस की टीम ने कुणाल की 82 रनों की शानदार और आतिशी पारी के दम पर 18.1 ओवर में ही 5 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। बासुकी-11 की ओर से प्रशांत कुमार मंडल ने 2 सफलताएं हासिल कीं, लेकिन वे अपनी टीम की हार नहीं टाल सके। शानदार प्रदर्शन के लिए कुणाल कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जिन्हें जिला क्रिकेट संघ के संजीब कुमार सिंह और चंद्रकिशोर सिंह ने सम्मानित किया।
——
दुमका चैलेंजर्स ने एकतरफा अंदाज में एम एंड एस-11 को हराया
दूसरे मैच में दुमका चैलेंजर्स के गेंदबाजों ने कहर बरपाया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी चैलेंजर्स की टीम ने एम एंड एस-11 को 19.5 ओवर में मात्र 125 रनों पर ढेर कर दिया। रवीन्द्र कुमार साह ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि समीर कुमार और सौरभ ने 2-2 विकेट साझा किए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दुमका चैलेंजर्स ने महज 17.2 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर लिया। टीम के लिए सचिन कुमार पाल ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर जीत की राह आसान कर दी। रवीन्द्र कुमार साह को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया।
——-
आयोजन और आगामी मुकाबले
मैच के सफल संचालन में अंपायर राजेश्वर सिंह व संजीभ रंजन, स्कोरर प्रदीप कुमार और कमेंटेटर अतुल झा ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ के सचिव कुणाल झा, डॉ. तुषार ज्योति, विश्वजीत चटर्जी, ललित पाठक और संजीब सिंह समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।
मंगलवार का दिन भी रोमांचक होने वाला है, जहाँ पहले मैच में दुमका रॉयल्स की भिड़ंत अशोका लायंस से होगी, वहीं दूसरे मैच में दुमका चैलेंजर्स का सामना विजनरी-11 से होगा।


