बेटी की शादी का कार्ड देने आए छोटे भाई के घर आया था बड़ा भाई, शादी के घर में मातम पसरा
संताल एक्सप्रेस संवाददाता

दुमका। बेटी की शादी का आमंत्रण देने आए बड़े भाई की छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।यह घटना मंगलवार को देर शाम दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भारोडीह गांव में हुई। 50 वर्षीय बड़े भाई सनातन हांसदा की हत्या के आरोपी छोटे भाई माइकल हांसदा को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।मृतक सनातन हांसदा को दो बेटी और तीन पुत्र हैं,जिसमें बड़ी बेटी की 5 मई को शादी होनी थी।इस घटना से सनातन के परिवार में जो शादी की खुशी थी,वह मातम में बदल गया। घटना के बारे में पता चला कि दुमका के ही सारसरैया गांव के रहने वाले सनातन हांसदा की बेटी की शादी 5 मई को होने वाली थी।वे अपने छोटे भाई के घर भारोडीह गांव में शादी का कार्ड लेकर पहुंचे तो छोटा भाई नशे में धुत्त था।बातचीत के क्रम में छोटा भाई अपने बड़े भाई के ऊपर भड़क गया और मारपीट पर उतारू हो गया। बड़ा भाई सनातन परहेज करते हुए मौके पर से निकल ही रहा था कि छोटे भाई माइकल हांसदा ने पीछे से सनातन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।वहीं वह गिर गए। बड़े भाई की हत्या की घटना के बाद आरोपी छोटा भाई माइकल हांसदा भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ कर बिजली के पोल से बांध दिया।बाद में सूचना मिलने पर दुमका मुफस्सिल थाना की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।





