●झामुमो के टिकट पर जामा से लड़ सकती हैं चुनाव
●संताल परगना भाजपा में भगदड़, बेटिकट किए गए कई नेताओं ने पार्टी से दिया इस्तीफा
● सत्यानंद झा बाटुल और मिस्त्री सोरेन ने भी भाजपा से दिया इस्तीफा
●सत्यानंद झा बाटुल ने इस्तीफा देने के बाद नाला से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की
●टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंत्री राज पलिवार मधुपुर से निर्दलीय लड़ सकते हैं चुनाव
संताल एक्सप्रेस टीम

रांची/दुमका।विधान सभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के साथ ही पार्टी में भगदड़ मच गई है। संताल परगना में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई नेताओं ने बगावत कर दिया है। इस्तीफा और पाला बदलने का दौर शुरु हो गया है।पूर्व मंत्री डॉ.लुईस मरांडी ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सहित सभी पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।भाजपा से इस्तीफा देने के बाद डॉ.लुईस मरांडी देर शाम सीएम हाउस पहुंच कर मुख्यमंत्री सह झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो का दामन थामा।मौके पर गांडेय विधायक विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।डॉ.लुईस मरांडी झामुमो के टिकट पर जामा विधान सभा सीट से चुनाव लड़ने वाली हैं। सोमवार को देर रात तक इसकी घोषणा हो सकती है। डॉ.लुईस मरांडी दुमका सीट से भाजपा टिकट की दावेदार थी,पर पार्टी ने इस सीट से पूर्व सांसद सुनील सोरेन को प्रत्याशी बनाया है।
इधर नाला विधान सभा क्षेत्र से बेटिकट किए गए पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है।श्री बाटुल ने नाला से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है।वे 2019 में नाला सीट से चुनाव लड़े थे और इस चुनाव में भी टिकट के दावेदार थे। भाजपा ने इस सीट से सत्यानंद झा बाटुल की जगह माधव चन्द्र महतो को टिकट दिया है।इससे नाराज हो कर सत्यानंद झा बाटुल ने पार्टी से इस्तीफा देने और निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
इस बीच महेशपुर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के दावेदार पूर्व विधायक मिस्त्री सोरेन ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा ने इस सीट के लिए नवनीत हेम्ब्रम को टिकट दिया है। नवनीत हेम्ब्रम कुछ दिनों पूर्व ही डीएसपी की नौकरी छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए है।
इधर पूर्व मंत्री राज पलिवार भी टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। राज पलिवार मधुपुर से टिकट के प्रबल दावेदार थे पर भाजपा ने यहां से गंगा नारायण सिंह को टिकट दिया गया है। राज पलिवार मधुपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों ने बताया कि राज पलिवार कांग्रेस के सम्पर्क में हैं।वे जरमुंडी से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।इसकी संभावना कम है क्योंकि जरमुंडी से पूर्व मंत्री बादल कांग्रेस के सीटिंग विधायक हैं।
डॉ. लुईस मरांडी ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजा इस्तीफा
पार्टी में आंतरिक अनुशासन कमजोर होने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का लगाया आरोप
रांची। पूर्व मंत्री और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ लुईस मरांडी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को पत्र लिख कर औपचारिक जानकारी दे दी है। इसमें उन्होंने भाजपा से अपना सियासी सफर शुरू करने और 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें मौका देने तथा मंत्री बनाने के लिए आभार जताया है। साथ ही आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक अनुशासन कमजोर हुआ है। निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हुई सीता सोरेन को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन पर जानबूझ कर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्हें अपेक्षा थी कि पार्टी के लीडर इस पर पहल करेंगे पर ऐसा हुआ नहीं। लुईस के मुताबिक उन्हें 2024 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से तैयारी करने को कहा गया था पर उनकी उपेक्षा हुई। ऐसे में अब वे भारी मन से पार्टी से इस्तीफा दे रही हैं।





