आरजेडी के झारखंड प्रभारी के समक्ष जरमुंडी विधानसभा से चुनाव लड़ने का ठोका दावा, कहा राजद ही जरमुंडी सीट जीत सकती है
जरमुंडी । झारखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ उपराजधानी दुमका जिले का एकमात्र सामान्य सीट जरमुंडी में लगातार चुनावी पारा चढ़ता जा रहा है। महागठबंधन के सीटिंग सीट पर जहां कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर घमासान मचा हुआ है। वहीं बाल कल्याण समिति के चैयरपर्सन डॉ अमरेन्द्र कुमार यादव ने अपने दूसरे कार्यकाल की समाप्ति से पूर्व अपने पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है।
उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के झारखंड प्रदेश कार्यालय रांची में मंगलवार को आयोजित सदस्यता अभियान के शुभारंभ मौके पर झारखंड प्रदेश प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव एवं राजद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री सुरेश पासवान के समक्ष महागठबंधन के तहत प्रत्याशी बनाने के लिए अपना दावा पेश कर दिया है। मौके पर प्रदेश प्रभारी ने अपने हाथों से सदस्यता ग्रहण कराया। प्रदेश प्रधान महासचिव सह पूर्व विधायक गोड्डा को भी सम्बोधित करते हुए राजद के प्रदेश महासचिव सह देवघर जिला प्रभारी डॉ अमरेन्द्र यादव ने कहा कि जरमुंडी से वर्तमान में सीटिंग प्रत्याशी का दल के अंदर काफी विरोध है। ऐसी परिस्थिति में जरमुंडी विधानसभा सीट गठबंधन के हाथ से निकल जाने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में राजद का मजबूत जनाधार है। यह क्षेत्र पिछड़ा वर्ग बहुल है। जरमुंडी में लालू यादव का हजारों समर्थक है जो लगातार राजद से प्रत्याशी देने की मांग कर रही है। मौके पर दुमका राजद जिलाध्यक्ष प्रमोद पंडित सहित पूरे प्रदेश के राजद पदाधिकारी मौजूद थे।


