कुंडहित (जामताड़ा) । आगामी 18 सितंबर को कुंडहित धेनुकडीह मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आगमन को लेकर कुंडहित प्रखंड सभागार में तैयारी को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के बाद कार्यस्थल का निरीक्षण कर पंडाल बनाने वाले कर्मियों को दिशा निर्देश दिया गया। इस बैठक में उपायुक्त कुमुदसहाय, पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार , प्रखंड एंव जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कुंडहित धेनुकडीह मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम है।
बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त कुमुद सहाय ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हमें सभी तैयारियां पूरी करनी होंगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, बैठने की व्यवस्था, हेलीपैड और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर हमें विशेष ध्यान देना होगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा के लिए हमने विशेष योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि हमारे जवान मुख्यमंत्री के आगमन से पहले से ही तैनात रहेंगे।
इस दौरान उपायुक्त ने अलग-अलग पदाधिकारी को अलग-अलग टास्क सौंपा। साथ ही सभी कार्यक्रम के दौरान समुचित व्यवस्था पर चर्चा की गई। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से सभी तैयारी को फूल प्रूफ करने को लेकर संबंधितों को निर्देश दिए। उक्त तिथि को सभी विभागों के अपने-अपने स्टॉल भी लगाया जाना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के द्वारा पावर ग्रिड सहित विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा। साथ ही लाभुकों के बीच विभिन्न विभागों से परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
बताते चले कि मुख्यमंत्री 18 सितंबर को कुंडहित प्रखंड के धेनुकडीह मैदान में जामताड़ा जिला अंतर्गत “आपकी-योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जामताड़ा एंव दुमका जिला के लाभुक भाग लेंगे। बड़ी संख्या में आ रहे लाभुकों के बैठने की व्यवस्था,उनके परिवहन की व्यवस्था, खाने-पीने, स्टेज की व्यवस्था आदि की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
वहीं बैठक के बाद अधिकारियों ने कार्य स्थल का जायजा लिया। पंडाल बनाने वाले एजेंसी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मौके पर उक्त अधिकारी के अलावे जिला के सिविल सर्जन जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड के बीडीओ उपस्थित थे।





