21 वार्डों में नए सिरे से योजना चयन की मांग, तालाबंदी की चेतावनी
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र में दो करोड़ रुपये की सड़क निर्माण योजना के चयन पर सवाल उठाते हुए सोमवार को सात पार्षदों ने नगर परिषद कार्यालय के समक्ष धरना दिया। पार्षदों ने योजना चयन में भेदभाव का आरोप लगाते हुए सभी 21 वार्डों में नए सिरे से योजनाओं का चयन करने की मांग की।पार्षदों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर चयनित 11 वार्डों की योजनाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक संबंधित योजनाओं के एकरारनामा और कार्यादेश जारी करने पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि यदि चयन प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित निविदाओं को रद्द कर नए सिरे से योजना चयन किया जाए।पार्षदों ने बताया कि इस मामले में पहले भी आवेदन देकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर धरना देना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित पहल नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना, चक्काजाम और नगर परिषद कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।धरना में रुपाली सरकार, भीम सिंह, मिथुन मरांडी, किरण कापरी, असलम अंसारी, उज्ज्वल हरि और आलमगीर अंसारी शामिल थे। ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी गई है।


