संताल एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर : स्वास्थ्य सेवा झारखंड के निदेशक प्रमुख डा. सीके शाही ने शनिवार को मधुपुर अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया। अस्पताल में इलाजरत रोगियों से मुलाकात कर चिकित्सा संबंधि समस्याओं को जाना और मुकम्मल इलाज का आश्वासन दिया। इसी क्रम में निदेशक प्रमुख ने पहले आउटडोर, फीमेल ओपीडी, टीकाकरण कक्ष फाइलेरिया क्लिनिक, दंत चिकित्सक, दवाखाना व पैथोलाजी कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मियों को ससमय अस्पताल में उपलब्ध रहने और रोगियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल की समुचित साफ सफाई , आपरेशन थियेटर, उपकरण व आवश्यक दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मधुपुर अनुमंडल अस्पताल में आधुनिक आपरेशन थियेटर व उपकरण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके पूर्व निदेशक प्रमुख ने मधुपुर के अनुराग मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में आक्सीजन की उपलब्धता, आईसीयू वार्ड, एक्सरे सहित विभिन्न आवश्यक उपकरणों एवं वार्डों की बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल की समुचित व्यवस्था व सुचारू रूप से संचालन को लेकर अस्पताल के डायरेक्टर डा. प्रवीण कुमार की प्रशंसा की। मौके पर अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डा. मोहम्मद शाहिद, डा. इकबाल अंसारी, डा. सुनील मरांडी, दामोदर कुमार, अजय कुमार दास आदि उपस्थित थे।


